1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. VIDEO: पुरी में नाबालिग लड़की को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया, पूर्व सीएम ने खड़े किए सवाल, जानिए क्या बोली पुलिस?

VIDEO: पुरी में नाबालिग लड़की को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया, पूर्व सीएम ने खड़े किए सवाल, जानिए क्या बोली पुलिस?

 Published : Jul 19, 2025 03:50 pm IST,  Updated : Jul 19, 2025 04:33 pm IST

पुलिस ने इस घटना पर जांच शुरू कर दी है। ओडिशा की उपमुख्यमंत्री एवं महिला व बाल विकास विभाग की मंत्री प्रभाती परिडा ने दुख जताकर मामले पर नाराजगी भी जताई है।

पीड़िता को अस्पताल ले जाते लोग- India TV Hindi
पीड़िता को अस्पताल ले जाते लोग Image Source : REPORTER INPUT

ओडिशा के पुरी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक 15 साल की नाबालिग लड़की को कुछ बदमाशों ने पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जला दिया। यह घटना शनिवार को बयाबर गांव में हुई, जब लड़की अपने एक दोस्त के घर जा रही थी।

लगभग 70 प्रतिशत चल चुकी है लड़की

जानकारी के मुताबिक, तीन बदमाश अचानक रास्ते में आए और लड़की पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। लड़की बुरी तरह जल चुकी थी और तुरंत उसे गंभीर हालत में भुवनेश्वर के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित लड़की लगभग 70% जल चुकी है।

नवीन पटनायक ने खड़े किए सवाल

ओडिशा की मुख्य विपक्षी पार्टी बीजू जनता दल (BJD) के अध्यक्ष एवं पूर्व सीएम नवीन पटनायक ने पुरी जिले में बदमाशों द्वारा 15 वर्षीय किशोरी को जिंदा जलाए जाने की घटना पर शनिवार को दुख व्यक्त किया है। पटनायक ने कहा कि ऐसे मामले शासन की व्यवस्थागत विफलता को इंगित करते हैं। बलंगा थाना क्षेत्र के बयाबर गांव में शनिवार सुबह अज्ञात युवकों ने 15 वर्षीय एक लड़की पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसे जिंदा जला दिया। इस घटना में लड़की 70 प्रतिशत तक झुलस गई है। 

ओडिशा में रोज आ रहे ऐसे मामले- पटनायक

उसका भुवनेश्वर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में इलाज किया जा रहा है। राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष पटनायक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘महिलाओं के खिलाफ ऐसी अकल्पनीय घटनाएं अब पूरे ओडिशा में लगभग रोजाना हो रही हैं। ये हिंसा के छिटपुट मामले नहीं हैं। निरंतर हो रहीं घटनाएं हतप्रभ करने वाली हैं और ये शासन की घोर व्यवस्थागत विफलता को इंगित करती हैं।'

पुलिस को दिए गए खास निर्देश

इस नाबालिग पीड़िता पर हुए हमले को लेकर ओडिशा की उपमुख्यमंत्री और महिला व बाल विकास विभाग की मंत्री प्रभाती परिडा ने दुःख और नाराजगी जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'मैं बहुत दुखी और स्तब्ध हूं कि पुरी जिले के बालंगा में कुछ बदमाशों ने एक 15 साल की लड़की पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। लड़की को तुरंत एम्स भुवनेश्वर ले जाया गया है। उसके इलाज का पूरा खर्च सरकार उठाएगी। पुलिस को निर्देश दिया गया है कि दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाए।'

पीड़िता की हालत है गंभीर

फिलहाल पीड़िता की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। यह घटना राज्य में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

कुछ लड़कों ने किया युवती का शोषण

पुरी के एसपी पिनाक मिश्रा ने कहा, 'गांव के एक सुनसान जगह में कुछ लड़कों ने एक युवती का शोषण किया है। उसे ज्वलनशील पदार्थ से जलाने की कोशिश की है। घटना की सूचना मिलते ही बलांग थाने के अधिकारी और पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। पहले तो नाबालिग पीड़िता को पिपली के सरकारी अस्पताल में ले जाया गया था पर बेहतर इलाज के लिए अब उसे एम्स में रेफर कर दिया गया है।' 

मामले की जांच के लिए बनाई गई स्पेशल टीम

पुलिस अधिकारी ने कहा, 'साइंटिफिक और फोरेंसिक टीम मौके पर आकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है। बलांग थाना अधिकारी के नेतृत्व में हमारी एक स्पेशल टीम बनाई गई है। टीम घटना के कारणों की जांच करेगी। यह एक बेहद ही संवेदनशील घटना है। नाबालिग पीड़िता के स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए हमने अभी उससे गहन पूछताछ नहीं की है। पीड़िता की हालत स्थिर होने के बाद हम उससे पूछताछ करेंगे और मामले से जुड़े तथ्यों को इकठ्ठा करेंगे।'

ओडिशा से शुभम कुमार की रिपोर्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत