1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Rahul Gandhi: पंजाब के मानसा पहुंचे राहुल गांधी, कांग्रेस नेता और गायक सिद्धू मूसेवाला के परिवार से की मुलाकात

Rahul Gandhi: पंजाब के मानसा पहुंचे राहुल गांधी, कांग्रेस नेता और गायक सिद्धू मूसेवाला के परिवार से की मुलाकात

 Written By: Shashi Rai
 Published : Jun 07, 2022 09:36 am IST,  Updated : Jun 07, 2022 03:49 pm IST

Rahul Gandhi : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिवंगत गायक और पार्टी नेता सिद्धू मूसेवाला के परिवार के सदस्यों से मानसा में उनके गांव मूसा में मुलाकात की। 29 मई की शाम पंजाब के मानसा जिले में अज्ञात हमलावरों ने मशहूर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

सिद्धू मूसेवाला के परिवार से मिले राहुल गांधी - India TV Hindi
सिद्धू मूसेवाला के परिवार से मिले राहुल गांधी  Image Source : ANI

Highlights

  • पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के परिवार से मिले राहुल गांधी
  • 29 मई को अज्ञात हमलावरों ने कर दी थी सिद्धू मूसेवाला की हत्या
  • राज्य सरकार द्वारा मूसेवाला की सुरक्षा में कटौती के बाद हुई हत्या

Rahul Gandhi : कांग्रेस नेता राहुल गांधी मंगलवार को पंजाब के मानसा जिले में दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के घर गए और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। एक पार्टी नेता ने बताया कि मंगलवार सुबह चंडीगढ़ हवाईअड्डे पर उतरने के बाद राहुल सीधे मूसेवाला के पैतृक गांव मूसा पहुंचे और उनके परिवार के साथ लगभग 50 मिनट का समय गुजारा। उन्होंने मूसेवाला को पुष्पांजलि भी अर्पित की। पंजाब कांग्रेस के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वारिंग, पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा और पूर्व उप मुख्यमंत्री ओपी सोनी सहित कई अन्य कांग्रेस नेता भी राहुल के साथ मूसेवाला के गांव गए। राहुल के दौरे के मद्देनजर मूसेवाला के घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी।

29 मई की शाम पंजाब के मानसा जिले में अज्ञात हमलावरों ने मशहूर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस दौरान राहुल गांधी ने सोशल मीडिया के जरिए हत्या पर दुख जताते हुए कहा था- ''होनहार कांग्रेस नेता और प्रतिभाशाली कलाकार सिद्धू मूसेवाला की हत्या से स्तब्ध और दुखी हूं। दुनियाभर से उनके चाहने वालों और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।''  

पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस में शामिल हुए थे सिद्धू मूसेवाला 

मूसेवाला उन 424 लोगों में शामिल थे, जिनकी सुरक्षा पंजाब पुलिस ने अस्थायी रूप से हटा दी थी या कम कर दी थी। सिद्धू मूसेवाला पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के करीबी रहे। पिछले विधानसभा चुनाव से पहले मूसेवाला कांग्रेस में शामिल हो गए थे। उन्होंने मानसा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव भी लड़ा, हालांकि आप नेता डॉ. विजय सिंगला ने उन्हें हरा दिया था। इसके बाद आप की सरकार ने उनकी सिक्योरिटी घटा दी थी। 

मूसेवाला की सुरक्षा में कटौती के बाद हुई घटना

राज्य सरकार द्वारा मूसेवाला की सुरक्षा में कटौती किए जाने के बाद यह घटना हुई। इस हमले में मूसेवाला के एक चचेरे भाई और एक मित्र भी घायल हो गए, जो मूसेवाला के साथ जीप में यात्रा कर रहे थे। पंजाब पुलिस के मुताबिक, मूसेवाला की हत्या के पीछे लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का हाथ था। गिरोह के सदस्य और कनाडा में रह रहे गोल्डी बराड़ ने इस हत्या की जिम्मेदारी ली है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत