1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली-राजस्थान में बारिश से बदला मौसम, यूपी समेत कई राज्यों में ओलावृष्टि का अलर्ट, 60 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

दिल्ली-राजस्थान में बारिश से बदला मौसम, यूपी समेत कई राज्यों में ओलावृष्टि का अलर्ट, 60 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Apr 07, 2026 07:20 am IST,  Updated : Apr 07, 2026 08:49 am IST

दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल गया है। राजस्थान में भी मंगलवार सुबह बारिश हुई है।

जैसलमेर में बारिश की तस्वीर- India TV Hindi
जैसलमेर में बारिश की तस्वीर Image Source : PTI

नई दिल्लीः दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल गया है। राजस्थान में भी मंगलवार सुबह बारिश हुई है। ताजा जानकारी के मुताबिक, दिल्ली और राजस्थान में सुबह से घने बादल छाए हुए हैं। राजस्थान में जैसलमेर समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई है। जबकि दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में आज पूरे दिन बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर रुक-रुककर बारिश हो सकती है।

इन राज्यों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिमी भारत में आज और कल बड़े पैमाने पर बारिश होगी। इसकी वजह के कई प्रदेश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 7 से 10 अप्रैल के दौरान जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश/बर्फबारी होने की संभावना है। इसके साथ कुछ इलाकों में ओले गिरने, आंधी-तूफान, बिजली कड़कने की भी आशंका है। अरुणाचल प्रदेश में 7 से 12 अप्रैल तक भारी बारिश होने की संभावना है। असम और मेघालय में 8 और 12 अप्रैल को,  नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 9 अप्रैल को बारिश हो सकती है।

 7 अप्रैल को गुजरात में बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली कड़कने की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना क्षेत्रों में 7 से 9 अप्रैल तक बारिश होने की संभावना है। आंतरिक कर्नाटक में 9 और 10 अप्रैल को गरज-चमक के साथ बारिश होगी। झारखंड में 7 और 8 अप्रैल, बिहार में 8 अप्रैल को को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इसके साथ तेज़ हवाएं चलने की संभावना है।

यहां पर पड़ेंगे ओले

मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इसके साथ 30-50 किमी की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। कुछ इलाकों में 60 किमी की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पूर्वी राजस्थान में आज और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 8 अप्रैल को ओलावृष्टि की संभावना है। मंगलवार को भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ओलावृष्टि हो सकती है। 

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली-एनसीआर में सुबह से दोपहर के बीच हल्की बारिश हो सकती है। शाम से रात के बीच तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। 40-50 किमी की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 30°C से 32°C और 19°C से 21°C के बीच रहने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में आज की तरह कल भी मौसम बना रहेगा। गरज चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत