1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. होटलकर्मियों के साथ मारपीट के मामले में नप गए IAS और IPS अधिकारी, किए गए निलंबित

होटलकर्मियों के साथ मारपीट के मामले में नप गए IAS और IPS अधिकारी, किए गए निलंबित

 Published : Jun 13, 2023 11:33 pm IST,  Updated : Jun 14, 2023 06:38 am IST

अजमेर जिले के एक होटल में कर्मचारियों को कथित रूप से पीटने के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। इस मामले में एक IAS और एक IPS समेत 5 लोगों को सस्पेंड कर दिया गया है।

officers suspended- India TV Hindi
अधिकारी सस्पेंड Image Source : REPRESENTATIVE PIC

जयपुर: राजस्थान के अजमेर जिले के एक होटल में कर्मचारियों को कथित रूप से पीटने के मामले में विभागीय जांच लंबित रहने तक भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के एक-एक अधिकारी समेत 5 लोगों को मंगलवार को निलंबित कर दिया गया। एक सरकारी आदेश के अनुसार निलंबित किए गए अधिकारियों में अजमेर विकास प्राधिकरण के आयुक्त गिरिधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सुशील कुमार, पटवारी नरेंद्र सिंह दहिया, कांस्टेबल मुकेश कुमार व एलडीसी हनुमान प्रसाद चौधरी शामिल हैं। 

एडीजी को सौंपी गई जांच

मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक-सतर्कता (एडीजी- सतर्कता) को सौंपी गई है। सोशल मीडिया पर मंगलवार को एक होटल के कर्मचारियों को पीटने का वीडियो वायरल हुआ था। यह घटना 11 जून की रात की बताई जा रही है जिसके बाद मामले की जांच एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को सौंपी गई। होटल प्रबंधन ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि एक आईपीएस अधिकारी ने तीन-चार पुलिसकर्मियों के साथ सोमवार देर रात होटल कर्मियों से मारपीट की। 

गेगल थाने के एक अधिकारी ने बताया कि पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ होटलकर्मियों से मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। राजस्थान के पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा ने बताया, 'हमने मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (सतर्कता) को सौंप दी है।' वायरल वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी होटल कर्मियों से मारपीट करते नजर आ रहे हैं। इसके बाद होटल प्रबंधन ने एक आईपीएस अधिकारी और कुछ पुलिसकर्मियों पर मारपीट का आरोप लगाया। 

राजपूत समाज ने मंगलवार को आरटीडीसी चेयरमैन धर्मेंद्र राठौड़ से मुलाकात की

होटलकर्मियों के साथ मारपीट के मामले में पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर राजपूत समाज ने मंगलवार को आरटीडीसी चेयरमैन धर्मेंद्र राठौड़ से मुलाकात कर उन्हें एक ज्ञापन दिया। वहीं, सुशील कुमार ने होटल कर्मियों से मारपीट में संलिप्त होने के आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि मारपीट की सूचना मिलने पर पुलिस दल के साथ वह मौके पर गए थे और समझा-बुझाकर मामला शांत करवाया था। 

इस बीच, अजमेर के पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट ने गेगल थाने के एक सहायक पुलिस उपनिरीक्षक (एएसआई) और दो कांस्टेबल को पुलिस लाइन भेजने का आदेश दिया है। तीनों कर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें: 

बिपरजॉय चक्रवात का दिल्ली, यूपी और बिहार समेत पूरे उत्तर भारत पर क्या असर पड़ेगा? कहीं आप भी खतरे में तो नहीं! 

हरियाणा के कुरुक्षेत्र से बड़ी खबर, किसानों ने धरना खत्म किया, सरकार ने मान लीं 2 मांगें

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत