नई दिल्ली: भारतीय सेना की 6 मार्चिग टुकड़ियां 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड में राजपथ पर नई वर्दी सहित विभिन्न वर्दी पहनेंगी। कुल मिलाकर 16 मार्चिग दल होंगे। दिल्ली क्षेत्र के चीफ ऑफ स्टाफ मेजर जनरल आलोक काकर ने कहा, "गणतंत्र दिवस परेड में भारतीय सशस्त्र बलों के 8 दल होंगे, जिसमें सेना से 6, वायुसेना और नौसेना से एक-एक, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों से चार, दिल्ली पुलिस से एक, एनएसएस से एक और नेशनल कैडेट कोर से दो दल शामिल होंगे।"
अधिकारी ने आगे कहा कि भारतीय सेना यह प्रदर्शित करेगी कि परेड में दशकों के दौरान वर्दी और हथियार कैसे विकसित हुए हैं। भारतीय सेना की टुकड़ी तीन दशकों में इस्तेमाल होती आई वर्दी पहनेगी। इसके अलावा मौजूदा वक्त की ऑलिव ग्रीन वर्दी और इस साल सेना दिवस परेड में अनावरण की गई नई लड़ाकू वर्दी भी झांकी में दिखाई देगी।
गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा के लिए 27 हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात: दिल्ली पुलिस प्रमुख
दिल्ली पुलिस आयुक्त राकेश अस्थाना ने रविवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में गणतंत्र दिवस के अवसर पर सुरक्षा के लिए 27 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है तथा आतंक रोधी व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त और निरीक्षक, उप निरीक्षक रैंक के अधिकारियों को सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अस्थाना ने कहा कि सशस्त्र पुलिस बल और कमांडो, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के अधिकारियों तथा जवानों को भी तैनात किया गया है।
गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा व्यवस्था के बारे में मीडिया से बात करते हुए अस्थाना ने कहा कि 71 डीसीपी, 213 एसीपी और 753 निरीक्षकों समेत दिल्ली पुलिस के 27,723 कर्मियों को परेड की सुरक्षा के लिए तैनात किया गया है। इनकी सहायता के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की 65 कंपनियों को तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि पिछले दो महीने में दिल्ली पुलिस ने अन्य सुरक्षा एजेंसियों के समन्वय से आतंक रोधी उपाय और मजबूत किये हैं।
संपादक की पसंद