अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के करीबी माने जाने वाले सलीम डोला को भारत डिपोर्ट कर लिया गया है। खुफिया एजेंसियों के एक बड़े ऑपरेशन के बाद अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के सहयोग से सलीम डोला को भारत लाया गया है। जहां अब उससे कड़ी पूछताछ की जाएगी। अंडरवर्ल्ड नेटवर्क को लेकर कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
विशेष विमान के जरिए लाया गया दिल्ली
जानकारी के मुताबिक, सलीम डोला को आज सुबह एक विशेष विमान के जरिए दिल्ली के एयरपोर्ट पर लाया गया, जहां उसे औपचारिक रूप से डिपोर्ट किया गया। फिलहाल सलीम डोला खुफिया एजेंसियों की कड़ी पूछताछ का सामना कर रहा है।
गिरफ्तारी के बाद इस्तांबुल से भारत डिपोर्ट किया गया
बताया जा रहा है कि सलीम डोला को हाल ही में इस्तांबुल में गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के दौरान का वीडियो सामने आया है। वह एक होटल के रूम में रुका हुआ था। गिरफ्तारी के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे इस्तांबुल से भारत डिपोर्ट किया गया है। सूत्रों के अनुसार, शुरुआती पूछताछ के बाद सलीम डोला को मुंबई पुलिस को हैंडओवर किया जाएगा। इसके बाद उसे मुंबई ले जाकर आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हो सकते हैं अहम खुलासे
माना जा रहा है कि सलीम डोला से पूछताछ के दौरान अंडरवर्ल्ड नेटवर्क और उससे जुड़े कई अहम मामलों में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। मुंबई पुलिस भी सलीम डोला से पूछताछ करने वाली है।
ये भी पढ़ें:
मंगलुरु कुकर बम ब्लास्ट: आरोपी शारिक को 10 साल की सजा, मंदिर में धमाका करने जा रहा था