बलांगीर: ओडिशा के बलांगीर जिले में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। जिले के अगलपुर ब्लॉक के सालेभाटा–कुटासिंहा मार्ग पर स्थित रेलवे अंडरपास में करीब 5 फीट पानी भर जाने से इस सड़क पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। भारी जलभराव के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और लोगों को घंटों तक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
क्या है पूरा मामला?
सालेभाटा–कुटासिंहा सड़क बलांगीर जिले को सुबर्णपुर जिले से जोड़ने वाला एक प्रमुख मार्ग है। इस सड़क से प्रतिदिन बड़ी संख्या में निजी वाहन, दोपहिया, चारपहिया, मालवाहक वाहन और खेती किसानी में इस्तेमाल होने वाले ट्रैक्टर गुजरते हैं। लेकिन लगातार बारिश के कारण रेलवे अंडरपास पूरी तरह पानी में डूब गया है। अंडरपास में करीब 5 फीट तक पानी बहने के कारण किसी भी प्रकार के वाहन का गुजरना संभव नहीं हो पा रहा है।
जलभराव के चलते इस मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है। सड़क के दोनों ओर सैकड़ों वाहन फंस गए हैं। यात्री, स्थानीय निवासी और वाहन चालक घंटों से रास्ता खुलने का इंतजार करते रहे, लेकिन पानी का स्तर लगातार बने रहने के कारण यातायात बहाल नहीं हो सका। इससे लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
इस दौरान एक ट्रैक्टर भी तेज जलभराव की चपेट में आ गया। जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर रेलवे अंडरपास के अंदर ही पानी में फंस गया वहीं डूबा रहा। हालांकि राहत की बात यह रही कि ट्रैक्टर चालक को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। चालक पूरी तरह सुरक्षित बताया जा रहा है और इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
बलांगीर और सुबर्णपुर के बीच आवागमन बाधित
लगातार बारिश के कारण इलाके में सामान्य जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। सड़क बंद होने से बलांगीर और सुबर्णपुर के बीच आवागमन बाधित हो गया है। रोजाना इस मार्ग से आने-जाने वाले लोगों को अब दूसरे रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे यात्रा का समय भी बढ़ गया है। हर साल भारी बारिश के दौरान इस अंडरपास में पानी भर जाता है, जिससे कई घंटों तक यातायात बाधित रहता है और लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है।
फिलहाल अंडरपास में पानी का स्तर अधिक होने के कारण प्रशासन की ओर से लोगों को इस मार्ग से सफर न करने की सलाह दी जा रही है। लगातार बारिश जारी रहने से स्थिति अभी सामान्य होती नहीं दिख रही है। जब तक पानी का स्तर कम नहीं होता, तब तक इस मार्ग पर यातायात बहाल होना मुश्किल माना जा रहा है। ऐसे में स्थानीय लोगों और वाहन चालकों से सतर्कता बरतने तथा जलभराव वाले क्षेत्र में प्रवेश न करने की अपील की जा रही है।
ओडिशा से इससे पहले खबर सामने आई थी कि ओडिशा-झारखंड में रेलवे नेटवर्क होगा मजबूत! कैबिनेट ने 145 km नई रेल लाइन को हरी झंडी दी है। (रिपोर्ट- शुभम कुमार)
ये भी पढ़ें-
ओडिशा में कच्ची सड़क बनी मुसीबत, प्रसव पीड़ा से तड़पती गर्भवती को 2 किमी स्ट्रेचर पर ले गए ग्रामीण