तमिलनाडु में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। राज्य में 23 अप्रैल को चुनाव है। इस बीच, चुनावी मैदान में उतरे उम्मीदवारों की पृष्ठभूमि को लेकर अहम खुलासा सामने आया है। ADR (Association for Democratic Reforms) की ओर से जारी की गई रिपोर्ट के अनुसार, चुनाव मैदान में उतरे लगभग 18 प्रतिशत उम्मीदवारों ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज होने की घोषणा की है, जबकि 25 प्रतिशत उम्मीदवारों के पास एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है।
रिपोर्ट में बताया गया कि कुल 3,992 उम्मीदवारों के हलफनामों का विश्लेषण किया गया, जिनमें से 722 (18%) उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें से 404 (10%) उम्मीदवारों ने गंभीर आपराधिक मामलों की जानकारी दी है। 2021 के विधानसभा चुनाव में यह आंकड़ा कम था, तब 13 प्रतिशत यानी 466 उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले और 6 प्रतिशत यानी 207 पर गंभीर मामले दर्ज थे।
अन्नाद्रमुक (AIADMK) के जिन 170 उम्मीदवारों के हलफनामों का विश्लेषण किया गया, उनमें से 118 (69%), तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) के 231 उम्मीदवारों में से 92 (40%), द्रमुक के 175 उम्मीदवारों में से 70 (40%), भाजपा के 33 उम्मीदवारों में से 16 (48%), कांग्रेस के 28 उम्मीदवारों में से 14 (50%), पट्टाली मक्कल काची के 18 उम्मीदवारों में से 9 (50%), देसीया मुरपोक्कू द्रविड़ कषगम के 10 उम्मीदवारों में से 5 (50%), भाकपा के पांच उम्मीदवारों में से 3 (60%) और माकपा के पांच उम्मीदवारों में से 4 (80%) ने हलफनामों में अपने खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों की घोषणा की है।
संपत्ति का आंकड़ा भी चौंकाने वाला
जिन उम्मीदवारों के हलफनामे का विश्लेषण किया गया उनमें से 981 (25 प्रतिशत) करोड़पति हैं, जबकि 22 (0.55 प्रतिशत) अरबपति हैं, यानी उनकी संपत्ति 100 करोड़ रुपये से अधिक है। कांग्रेस के 28 उम्मीदवारों में से दो (7%), द्रमुक के 175 उम्मीदवारों में से सात (4%), अन्नाद्रमुक के 170 उम्मीदवारों में से तीन (2%), पट्टाली मक्कल काची के 18 उम्मीदवारों में से एक (6%), अम्मा मक्कल मुन्नेत्र कषगम के 11 उम्मीदवारों में से एक (9%) और तमिलगा वेत्री कषगम के 231 उम्मीदवारों में से आठ (3%) ने 100 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति घोषित की है।
इस बीच, कांग्रेस के 28 उम्मीदवारों में से 27 (96%), द्रमुक के 175 उम्मीदवारों में से 170 (97%), अन्नाद्रमुक के 170 उम्मीदवारों में से 160 (94%), भाजपा के 33 उम्मीदवारों में से 31 (94%), पट्टाली मक्कल काची के 18 उम्मीदवारों में से 16 (89%), डीएमडीके के 10 उम्मीदवारों में से 10, तमिलगा वेत्र कषगम के 231 उम्मीदवारों में से 156 (68%) और भाकपा के पांच उम्मीदवारों में से तीन (60%) ने एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति घोषित की है।
विभिन्न दलों में 100 करोड़ रुपये से अधिक संपत्ति वाले उम्मीदवारों की संख्या-
- कांग्रेस: 2 उम्मीदवार
- DMK: 7 उम्मीदवार
- AIADMK: 3 उम्मीदवार
- PMK: 1 उम्मीदवार
- अम्मा मक्कल मुन्नेत्र कषगम: 1 उम्मीदवार
- TVK: 8 उम्मीदवार
औसत संपत्ति 5.17 करोड़ रुपये
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 में चुनाव लड़ रहे प्रत्येक उम्मीदवार की औसत संपत्ति 5.17 करोड़ रुपये है, जबकि 2021 में यह 1.72 करोड़ रुपये थी। मोहन कुमार एम (ऑल इंडिया जननायका मक्कल कषगम) और निर्दलीय उम्मीदवार टी सेल्वराज, गुनासेकरन पी और ए जेगन सलामोंडोस ने शून्य संपत्ति घोषित की है। रिपोर्ट के अनुसार, 1711 (43%) उम्मीदवारों ने अपनी शैक्षणिक योग्यता पांचवीं से बारहवीं कक्षा के बीच बताई है, जबकि 1822 (46%) उम्मीदवारों ने स्नातक या उससे ऊपर की शैक्षणिक योग्यता बताई है। 301 उम्मीदवार डिप्लोमा धारक हैं, 95 उम्मीदवार निरक्षर हैं और 56 उम्मीदवार केवल साक्षर हैं। इनमें से केवल 442 (11 प्रतिशत) उम्मीदवार महिलाएं हैं।
ये भी पढ़ें-
तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में अगले 48 घंटे तक 'ड्राई डे' घोषित, चुनाव ऐलान का फैसला
दिल्ली HC से अरविंद केजरीवाल को बड़ा झटका, कोर्ट ने खारिज की जज को हटाने की मांग वाली याचिका