1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. आधी रात को BJP समर्थक के घर के बाहर खड़ी 4 गाड़ियों में संदिग्धों ने लगाई आग, पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

आधी रात को BJP समर्थक के घर के बाहर खड़ी 4 गाड़ियों में संदिग्धों ने लगाई आग, पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

 Published : Dec 01, 2025 06:32 pm IST,  Updated : Dec 01, 2025 06:36 pm IST

भाजपा समर्थक के घर के बाहर खड़ी गाड़ियों में आग लगाने आए संदिग्ध सीसीटीवी में कैप्चर हो गए हैं। पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस की टीम इन संदिग्धों की पहचान कर रही है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : PTI

केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एक समर्थक के घर पर खड़े 4 वाहनों में सोमवार को आग लगने की घटना की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि यह घटना चिरायिनकीझु के अनाथलावट्टम के बाबू (58) के आवास पर आधी रात के आसपास हुई। 

पूरी तरह जलकर खाक हो गए वाहन

पुलिस में दर्ज FIR के अनुसार, भाजपा समर्थक के घर के बाहर खड़े एक ऑटोरिक्शा, दो मोटरसाइकिल और एक स्कूटर को अज्ञात व्यक्तियों ने आग लगा दी, जिससे वे पूरी तरह जलकर खाक हो गए। 

हेलमेट और जैकेट पहने दिखे संदिग्ध

पुलिस ने कहा कि वाहन परिसर में एक शेड में खड़े थे। इलाके से बरामद सीसीटीवी फुटेज में घटना के समय हेलमेट और जैकेट पहने दो संदिग्ध लोग बाबू के घर के पास घूमते हुए दिखाई दे रहे हैं। 

पहले भी किया गया आग लगाने का प्रयास

बाबू ने पुलिस को बताया कि पिछले हफ्ते उसके भाई के घर में आग लगाने का ऐसा ही प्रयास किया गया था। बाबू का भाई चिरायिनकीझु में स्थानीय निकाय चुनाव लड़ रहा है। पुलिस ने कहा कि शोर सुनकर परिवार के जाग जाने से आग लगाने का प्रयास विफल हो गया। 

पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज

इस घटना के संबंध में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 329(3) (आपराधिक अतिक्रमण) और 326(F) (आग, बाढ़ या विस्फोटक पदार्थों से उत्पात) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा कि संदिग्धों की पहचान के लिए इलाके के अन्य घरों के सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। (भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत