1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. हिमाचल प्रदेश में अटल टनल हाईवे पर भारी बर्फबारी से ट्रैफिक पर असर, प्रशासन अलर्ट पर

हिमाचल प्रदेश में अटल टनल हाईवे पर भारी बर्फबारी से ट्रैफिक पर असर, प्रशासन अलर्ट पर

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Jan 28, 2023 07:16 am IST,  Updated : Jan 28, 2023 07:16 am IST

अधिकारियों ने बताया था कि राज्य के अन्य हिस्सों में हो रही बर्फबारी के कारण 4 नेशनल हाईवे समेत कुल 256 सड़कें बंद हो गई थीं।

Atal Tunnel Highway, Atal Tunnel Traffic, Atal Tunnel News, Atal Tunnel Snowfall- India TV Hindi
अटल टनल हाईवे पर हुई भारी बर्फबारी। Image Source : ANI

शिमला: हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति में अटल टनल हाईवे पर भारी बर्फबारी के बाद ट्रैफिक पर असर पड़ा है। भारी बर्फबारी के बाद उपजे हालात से निपटने के लिए प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। हिमपात के बाद घाटी में जगह-जगह हिमस्खलन की भी खबरें हैं इसलिए प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बता दें कि अटल टनल हिमाचल प्रदेश में लाहौल-स्पीति जिले के लाहौल और कुल्लू जिले के मनाली को जोड़ती है। यह टनल हिमाचल प्रदेश के रोहतांग दर्रे में 13,058 फुट ऊंचे पहाड़ के नीचे बनी है।

हिमाचल में बर्फबारी से कई सड़कें बंद

इससे पहले खबर आई थी कि हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में गुरुवार को हुए हिमस्खलन के कारण हिन्दुस्तान-तिब्बत मार्ग भी बंद हो गया था। अधिकारियों ने बताया था कि राज्य के अन्य हिस्सों में हो रही बर्फबारी के कारण 4 नेशनल हाईवे समेत कुल 256 सड़कें बंद हो गई थीं। उन्होंने बताया कि रोहतांग दर्रे के पास NH -3, जालौरी दर्रे के पास NH-305, ग्रम्पु से लोस्सार तक NH -505 और पुह में NH-5 बंद हो गए थे। उन्होंने बताया था कि बर्फबारी के कारण 1,024 ट्रांसफॉर्मर भी प्रभावित हुए।


कई इलाकों में 30 जनवरी तक बारिश
बता दें कि मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में 30 जनवरी तक बारिश और बर्फबारी की भविष्यवाणी की है। ऐसे में आने वाले कुछ दिनों तक सूबे में कई रास्ते बंद रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, लाहौल और स्पीति, चंबा, किन्नौर, शिमला और कुल्लू जिलों में 30 जनवरी तक बारिश हो सकती है। इसका असर अटल टनल हाईवे समेत अन्य रास्तों पर पड़ सकता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत