बिलासपुर में हुए ट्रेन हादसे में अबतक नौ लोगों की मौत हो गई है और 13 लोग घायल हैं। मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है। बिलासपुर जिले के कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि एक लोकल यात्री ट्रेन आज कोरबा जिले के गेवरा रेलवे स्टेशन से बिलासपुर के लिए रवाना हुई थी। अग्रवाल ने बताया कि जब ट्रेन आज शाम लगभग चार बजे गतौरा और बिलासपुर रेलवे स्टेशन के मध्य में थी, तभी लोकल यात्री ट्रेन ने एक मालगाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी। यह दुर्घटना अप लाइन पर हुई जब ट्रेन नंबर 68733 गेवरा रोड से बिलासपुर की ओर जा रही थी और ठीक उसी समय बिलासपुर से एक मालगाड़ी उसी ट्रैक पर आ गई। ड्राइवर ने ट्रेन रोकने की कोशिश की, लेकिन दूरी कम होने के कारण टक्कर हो गई।
लोको पायलट की हुई मौत
ट्रेन हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। रेलवे ने इस हादसे की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। बताया जा रहा है कि सिग्नलिंग या रूट डायवर्जन में तकनीकी गड़बड़ी के कारण ट्रेनें एक ही ट्रैक पर आ गईं थीं। महिला असिस्टेंट लोको पायलट को किया गया रेस्क्यू, लोको पायलट विद्या राज की हुई ही मौत। मालगाड़ी के गार्ड शैलेश यादव गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद रेल संचालन कुछ देर के लिए बाधित रहा, लेकिन अब वैकल्पिक ट्रैक से ट्रेनों को डायवर्ट किया जा रहा है। बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त कंट्रोल रूम बनाया गया है। रेल प्रशासन ने यात्रियों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं-
बिलासपुर – 7777857335, 7869953330
चांपा – 8085956528
रायगढ़ – 9752485600
पेंड्रा रोड – 8294730162
कोरबा – 7869953330
दुर्घटना स्थल पर उपलब्ध नंबर:
9752485499, 8602007202
आज बिलासपुर स्टेशन के समीप एक मालगाड़ी एवं मेमू लोकल के डिरेलमेंट की वजह से निम्नलिखित ट्रेनों को पूनर्निर्धारित किया गया है, जिसकी जानकारी इस प्रकार है :-
* आज दिनांक 04 नवंबर 2025 को कोरबा से 16.10 बजे प्रस्थान करने वाली ट्रेन नंबर 18517 कोरबा - विशाखापट्टनम एक्सप्रेस 5 घंटे विलंब से रात्रि 21.30 बजे रवाना होगी ।
* आज दिनांक 04 नवंबर 2025 को कोरबा से 18.13 बजे प्रस्थान करने वाली ट्रेन नंबर 18239 गेवरा रोड - नेताजी सुभाषचंद्र बोस एक्सप्रेस 3 घंटे 30 मिनट विलंब से रात्रि 21.43 बजे रवाना होगी ।
* आज दिनांक 04 नवंबर 2025 को बिलासपुर से 18.50 बजे प्रस्थान करने वाली ट्रेन नंबर 18114 बिलासपुर - टाटानगर एक्सप्रेस 3 घंटे विलंब से रात्रि 21.50 बजे रवाना होगी ।
ये भी पढ़ें:
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बड़ा रेल हादसा, लोकल ट्रेन और मालगाड़ी में भिड़ंत, 9 लोगों की मौत, 13 घायल
बिलासपुर रेल हादसे के तुरंत बाद का वीडियो आया सामने, अफरा-तफरी में डिब्बे से बाहर कूदने लगे लोग