1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. बिलासपुर रेल हादसे के तुरंत बाद का वीडियो आया सामने, अफरा-तफरी में डिब्बे से बाहर कूदने लगे लोग

बिलासपुर रेल हादसे के तुरंत बाद का वीडियो आया सामने, अफरा-तफरी में डिब्बे से बाहर कूदने लगे लोग

 Published : Nov 04, 2025 07:04 pm IST,  Updated : Nov 04, 2025 07:04 pm IST

लोकल ट्रेन आज कोरबा जिले के गेवरा रेलवे स्टेशन से बिलासपुर के लिए रवाना हुई थी लेकिन उसकी टक्कर सामने से आ रही एक मालगाड़ी से हो गई। इस हादसे का एक वीडियो सामने आया है।

Bilaspur train accident- India TV Hindi
हादसे के तुरंत बाद का वीडियो आया सामने, Image Source : REPORTER INPUT

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पैसेंजर ट्रेन और मालगाड़ी की आमने-सामने हुई टक्कर के तुरंत बाद का एक वीडियो सामने आया है। इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हुए हैं।  जानकारी के मुताबिक एक लोकल ट्रेन आज कोरबा जिले के गेवरा रेलवे स्टेशन से बिलासपुर के लिए रवाना हुई थी। जब ट्रेन आज शाम लगभग चार बजे गतौरा और बिलासपुर रेलवे स्टेशन के मध्य में थी तभी यात्री ट्रेन ने एक मालगाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी। 

ट्रेन के डिब्बों से भागते नजर आए लोग 

इस घटना के तुरंत बाद का एक वीडियो सामने आया है जिसमें टक्कर के बाद ट्रेन के अगले हिस्से से धुएं का गुबार उठता नजर आ रहा है। वहीं ट्रेन के डिब्बों से लोग बाहर निकलकर भाग रहे हैं। कई लोग अफरा-तफरी में डिब्बे से बाहर की ओर कूदते नजर आ रहे हैं।

सीएम ने हादसे पर जताया दुख

वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, बिलासपुर के पास ट्रेन दुर्घटना का समाचार अत्यंत दु:खद है। बिलासपुर जिला कलेक्टर से जानकारी लेकर उन्हें हरसंभव सहायता और राहत कार्य संबंधित निर्देश दिए गए हैं। राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ है। रेलवे और प्रशासन की टीमें तुरंत राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई हैं। घायलों के उपचार के लिए सभी आवश्यक संसाधन और चिकित्सा सहायता सुनिश्चित की जा रही है। राज्य सरकार पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ स्थिति पर नजर रख रही है।

रेलवे ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर 

  1. चंपा जंक्शन हेल्पलाइन नंबर- 808595652
  2. रायगढ़ हेल्पलाइन नंबर- 975248560
  3. पेंड्रा रोड हेल्पलाइन नंबर- 8294730162
  4. दुर्घटना स्थल पर उपलब्ध कराया गया हेल्पलाइन नंबर-9752485499,8602007202

रेलवे ने सहायता राशि का किया ऐलान

इस बीच रेलवे की ओर से सहायता राशि का ऐलान किया गया है। हादसे में मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपए की सहायता राशि दी जाएगी जबकि घायलों को एक लाख रुपये रेलवे की ओर से दिए जाएंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।