1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जम्मू-कश्मीर के बडगाम में 2 आतंकियों का खेल खत्म, कार रोकने पर की थी फायरिंग

जम्मू-कश्मीर के बडगाम में 2 आतंकियों का खेल खत्म, कार रोकने पर की थी फायरिंग

 Reported By: Manzoor Mir
 Published : Jan 17, 2023 12:51 pm IST,  Updated : Jan 17, 2023 12:52 pm IST

मारे गए आतंकवादियो की पहचान पुलवामा जिले के अरबाज मीर और शाहिद शेख के रूप में हुई है और वे लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े हुए थे।

Lashkar-E-Taiba Terrorists, Lashkar-E-Taiba Terrorists Killed, Budgam Encounter- India TV Hindi
बडगाम में लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकवादी मारे गए। Image Source : PTI REPRESENTATIONAL

बडगाम: जम्मू कश्मीर के बडगाम जिले में मंगलवार को अदालत परिसर के पास सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के 2 आतंकवादी मारे गए। पुलिस ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि दोनों आतंकियों की पहचान हो चुकी है और वे लश्कर-ए-तैयबा से थे। ये आतंकी पिछले हफ्ते भी पकड़ में आते-आते रह गए थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों आतंकी एक कार से जा रहे थे और उन्होंने सुरक्षाबलों को देखकर अचानक फायरिंग शुरू कर दी थी।

‘जवाबी कार्रवाई में ढेर हुए आतंकी’

पुलिस के प्रवक्ता ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया, ‘बडगाम से होकर आतंकवादियों के गुजरने के बारे में एक विशेष सूचना मिलने पर सेना और पुलिस के एक संयुक्त दल ने अदालत परिसर के पास एक संदिग्ध वाहन को रोकने की कोशिश की। लेकिन आतंकवादियों ने गोलियां चला दीं, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में 2 आतंकियों को मार गिराया गया।’ रिपोर्ट्स के मुताबिक, सेना, CRPF और जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवान मोर्चे पर तैनात हैं।

‘लश्कर-ए-तैयबा से था ताल्लुक’
कश्मीर के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) विजय कुमार ने कहा कि मारे गए आतंकवादी प्रतिबंधित लश्कर-ए-तैयबा से थे। उनकी पहचान पुलवामा जिले के अरबाज मीर और शाहिद शेख के रूप में हुई है। कुमार ने कहा कि दोनों आतंकवादी पिछले हफ्ते पास के मागम इलाके में घेराबंदी और तलाशी अभियान के दौरान बच निकले थे। मारे गए आतंकवादियों के पास से एक एके राइफल और एक पिस्तौल बरामद की गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत