उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे जानकर आपके भी होश उड़ जाएंगे। जानकारी के अनुसार, एक मकान मालिक ने अपने घर में जब पानी की टंकी को खोला तो उसकी हालत खराब हो गई। दरअसल, टंकी को खोले जाने पर उसके अंदर सांप के 27 बच्चे मौजूद थे। मामले के सामने आने के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर सांप के बच्चों को रेस्क्यू किया।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, ये पूरा मामला हरिद्वार के सराय ग्राम स्थित एक मकान सामने आया है। घर के पानी के टैंक में बड़ी संख्या में सांप के 27 बच्चे दिखाई दिए हैं। सामने आई जानकारी के अनुसार, जब घर के लोगों ने टैंक के अंदर झांककर देखा तो वहां दर्जनों सांप के बच्चे घूमते नजर आए। अचानक इतनी संख्या में सांप दिखाई देने से परिवार के सदस्य दहशत में आ गए। ग्रामीणों ने भी इतनी बड़ी संख्या में सांप देखे तो उनके होश उड़ गए। इसके बाद तत्काल इस मामले की सूचना वन विभाग को दी है।
वीडियो आया सामने
पानी की टंकी में 27 सांपों के मिलने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दिखाई दे रहा है कि जब घर में पानी की टंकी को टॉर्च की मदद से चेक किया गया तो अंदर में बड़ी संख्या में सांप दिखाई दे रहे थे। इसके बाद खौफ में आए लोगों ने प्रशासन को इसकी सूचना दी।
वन विभाग की टीम ने सांपों को किया रेस्क्यू
घर में पानी की टंकी में सांप मिलने की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम के साथ पहुंचे स्नेक कैचर तालिब और भोला ने कड़ी मशक्कत के साथ अभियान चलाया और सांपों को इकट्ठा किया। रेंज अधिकारी शीशपाल सिंह के मुताबिक टैंक से कुल 27 सांप के बच्चे बरामद हुए जिनको को सुरक्षित बाहर निकाला गया। रेस्क्यू अभियान के दौरान आसपास के लोगों की भीड़ भी मौके पर जमा हो गई और लोगों के लिए यह विषय चर्चा का विषय बन गया। (रिपोर्ट: सुनील पांडे)
ये भी पढ़ें- विषैले सांप ने लकवा ग्रस्त बुजुर्ग को जकड़ा, 4 घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन, अंत में दोनों सुरक्षित बचे