नीम करोली बाबा के धाम जाने की सोच रहे भक्तों के लिए जरूरी खबर सामने आई है। भक्तों की भारी संख्या के कारण कैंची धाम रोड पर लंबा जाम लग चुका है। ऐसे में कैंची धाम जाने वाले भक्त अपना कोई प्लान ट्रैफिक अपडेट देखने के बाद ही करें। पिछले कई घंटों से नैनीताल-भवाली रोड पर गाड़ियों की कतारें लगी हुई हैं और लोग कैंची धाम नहीं पहुंच पा रहे हैं। जो कैंची धाम जाना चाह रहे हैं उनकी गाड़ियों को भवाली सेक्टोरियम के पास ही पार्किंग में रोक लिया गया है। यहां से भक्तों को कई किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ रहा है।
क्यों कैंची धाम पहुंच रहे हैं लोग?
इतनी भारी संख्या में लोगों के कैंची धाम पहुंचने का एक बड़ा कारण गर्मी का मौसम तो है ही साथ ही कैंची धाम में लगने वाला मेला भी है। हर साल 15 जून की तारीख को नीम करोली बाबा के कैंची धाम आश्रम में मेला लगता है। इस मेले में शामिल होने के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में लोग कैंची धाम पहुंचते हैं। आपको बता दें कि 15 जून को कैंची धाम का स्थापना दिवस है। इस कारण हर साल यहां मेला लगता है।
तेजी से बढ़ती जा रही भक्तों की संख्या
बीते कुछ समय से कैंची धाम पहुंचने वाले भक्तों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है। ऐसा माना जाता है कि नीम करोली बाबा के आश्रम में मांगी हुई हर मन्नत पूरी हो जाती है। दिल्ली एनसीआर से भी हर वीकेंड पर बड़ी संख्या में लोग कैंची धाम घूमने के लिए जाते हैं। बीते कुछ सालों में कैंची धाम एक बड़ा टूरिस्ट प्लेस बन गया है। इस कारण यहां हर वक्त भीड़ देखने को मिलती है।
जानें नीम करोली बाबा के बारे में
नीम करोली बाबा का प्रसिद्ध संत थे जिनका असल नाम लक्ष्मण नारायण शर्मा था। माना जाता है कि नीम करोली बाबा हनुमान जी के बहुत बड़े भक्त थे। कैंची धाम में उनका सबसे प्रसिद्ध आश्रम है जिसके प्रति भक्त काफी श्रद्धा रखते हैं। नीम करोली बाबा के भक्त भारत ही नहीं बल्कि विदेशों में भी हैं।
ये भी पढ़ें- ऑपरेशन सिंदूर: पाकिस्तान की गोलाबारी में तबाह सैंकड़ों घरों को बसाएगी मोदी सरकार, 25 करोड़ रुपये मंजूर