1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 1.2 करोड़ की नकदी लेकर बस में यात्रा कर रहा था शख्स, जब पुलिस ने की पूछताछ तो खुला हैरान कर देने वाला मामला

1.2 करोड़ की नकदी लेकर बस में यात्रा कर रहा था शख्स, जब पुलिस ने की पूछताछ तो खुला हैरान कर देने वाला मामला

 Published : Nov 02, 2025 11:11 pm IST,  Updated : Nov 02, 2025 11:14 pm IST

पुलिस की टीम ने 1.2 करोड़ रुपये के साथ यात्रा कर रहे शख्स की नकदी को जब्त कर लिया। आरोपी शख्स का नाम अम्मातुर अब्दुल रज्जाक है। वह मलप्पुरम का रहने वाला है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : FREEPIK

बस में यात्रा कर रहे एक शख्स के पास से करोड़ों रुपये की नकदी बरामद की गई है। आबकारी विभाग ने केरल के वायनाड जिले के मेनंगडी में कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम (KSRTC) की बस में यात्रा कर रहे एक यात्री से 1.2 करोड़ रुपये की नकदी जब्त की है। यह नकदी हवाला से जुड़ी होने का संदेह है। विभाग ने रविवार को यह जानकारी दी। 

बेंगलुरु जा रही बस में था सवार

आबकारी अधिकारियों ने बताया कि मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत बस की तलाशी ली गई और मलप्पुरम निवासी अम्मातुर अब्दुल रज्जाक नामक यात्री से यह नकदी बरामद की गई। एक अधिकारी ने कहा कि रज्जाक बेंगलुरु से कोझिकोड जा रही बस में सवार था। 

बस में यात्रियों के सामान की हुई जांच

उन्होंने कहा कि आबकारी अधिकारियों ने बस में सवार यात्रियों के सामान की जांच की। एक अधिकारी ने कहा, ‘तलाशी के दौरान अधिकारियों को एक बैग मिला जिसमें 1.2 करोड़ रुपये की नकदी थी।’ 

किसी व्यक्ति को पहुंचाना था ये बैग

पुलिस से पूछताछ के दौरान रज्जाक ने दावा किया कि बैग उसे एक अज्ञात व्यक्ति ने कोझिकोड में किसी अन्य व्यक्ति को देने के लिए दिया था। अधिकारी ने कहा, ‘रज्जाक ने दावा किया कि उसे बैग देने वाले और उसे जिस व्यक्ति को पहुंचाया जाना था, उनके बारे में जानकारी नहीं है।’ 

हवाला नेटवर्क के लिए काम करता था ये लड़का

आबकारी अधिकारियों को संदेह है कि रज्जाक केरल और कर्नाटक के बीच संचालित हवाला नेटवर्क के लिए कूरियर का काम कर रहा था। विभाग ने कहा कि आरोपी और जब्त धनराशि को आगे की जांच के लिए पुलिस या आयकर विभाग को सौंप दिया जाएगा। (भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत