1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. कांग्रेस के 2 नेताओं ने अपने ही जिलाध्यक्ष को पीट दिया, पार्टी ने 6 साल के लिए किया निष्कासित

कांग्रेस के 2 नेताओं ने अपने ही जिलाध्यक्ष को पीट दिया, पार्टी ने 6 साल के लिए किया निष्कासित

 Written By: Vineet Kumar Singh
 Published : Sep 03, 2026 11:46 am IST,  Updated : Sep 03, 2026 12:01 pm IST

राजस्थान कांग्रेस ने बीकानेर शहर जिलाध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल से कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार के मामले में पूर्व पार्षद दीपक अरोड़ा और मोहित अरोड़ा को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।

Rajasthan Congress, Bikaner Congress District President, Madan Gopal Meghwal- India TV Hindi
कांग्रेस ने मदन गोपाल मेघवाल से मारपीट करने वाले नेताओं को निष्कासित कर दिया है। Image Source : X.COM/BJP4RAJASTHAN

Highlights

  • बीकानेर कांग्रेस जिलाध्यक्ष से कथित मारपीट पर 2 पूर्व पार्षद 6 साल के लिए निलंबित।
  • नगर निगम चुनाव से पहले कांग्रेस ने अनुशासनहीनता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
  • बीजेपी ने मेघवाल के साथ हुई मारपीट को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है।

जयपुर: राजस्थान कांग्रेस ने बीकानेर शहर कांग्रेस जिला अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल के साथ कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार के मामले में 2 पूर्व पार्षदों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पार्टी ने दीपक अरोड़ा और मोहित अरोड़ा को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से 6 साल के लिए निलंबित कर दिया है। कांग्रेस की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि यह कार्रवाई मेघवाल की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए की गई है। बता दें कि इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था जिसके बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर तंज कसा था।

कार्यालय उद्घाटन के दौरान मारपीट का आरोप

कांग्रेस के मुताबिक, बीकानेर नगर निगम के वार्ड 50, प्रगाशी के कार्यालय के उद्घाटन के दौरान कथित तौर पर मारपीट और अभद्र व्यवहार की घटना हुई। मदन गोपाल मेघवाल की ओर से मिली शिकायत के आधार पर पार्टी ने बताया कि इस दौरान पूर्व पार्षद दीपक अरोड़ा, मोहित अरोड़ा और कुछ अन्य लोगों ने उनके साथ कथित तौर पर मारपीट और अभद्र व्यवहार किया। पार्टी के पत्र में कहा गया है,

'बीकानेर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष के साथ इस तरह का व्यवहार गंभीर अनुशासनहीनता है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पूर्व पार्षद दीपक अरोड़ा और मोहित अरोड़ा को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से 6 साल के लिए निलंबित किया जाता है।'

निकाय चुनाव से ठीक पहले हुई कार्रवाई

कांग्रेस ने साफ किया कि जिला अध्यक्ष के साथ इस तरह का व्यवहार पार्टी अनुशासन के खिलाफ है। पार्टी की यह कार्रवाई राजस्थान में होने वाले नगर निगम चुनावों से ठीक पहले हुई है। बता दें कि राज्य में नगर निगम चुनाव दो चरणों में 9 और 11 सितंबर को होने हैं। ऐसे में बीकानेर में पार्टी के भीतर हुई इस कार्रवाई को चुनाव से पहले महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि निकाय चुनावों में बीजेपी और कांग्रेस के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिल सकती है।

बीजेपी ने कांग्रेस पर साधा है निशाना

मदन गोपाल मेघवाल के साथ मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। राजस्थान बीजेपी ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, 'कांग्रेस में टिकट वितरण के चलते उत्पन्न हुए असंतोष के कारण, बीकानेर शहर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष श्री मदन मेघवाल जी की कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा बेरहमी से की गई मारपीट अत्यंत निंदनीय है। जिस पार्टी के कार्यकर्ता अपने ही जिलाध्यक्ष के साथ हिंसा पर उतर आएं, वह जनता के हित और प्रदेश के विकास की क्या बात करेगी?'

'ये है मोहब्बत की दुकान का घिनौना सच'

बीजेपी ने मेघवाल के साथ मारपीट की घटना के बाद कांग्रेस पर दलितों के अपमान का आरोप लगाया है। बीजेपी ने सोशल मीडिया पर लिखा, '‘दलित-दलित’ रटने वाले ढोंगी राहुल गांधी की ‘मोहब्बत की दुकान’ का घिनौना सच! कैमरे के सामने दलितों का हितैषी बनने का दिखावा और पीछे कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा एक दलित नेता की बेरहमी से पिटाई। यही है कांग्रेस का असली दलित-विरोधी चरित्र। राहुल गांधी अपनी ही पार्टी में हुई इस गुंडागर्दी पर मुंह में दही जमाकर क्यों बैठे हैं?'

ये भी पढ़ें: यूपी में कांग्रेस को सीतापुर का कार्यालय करना होगा खाली, 55 साल से नहीं चुकाया एक भी रुपया किराया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।