1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली NCR में धुंध, पंजाब-हरियाणा में ठिठुरन, हिमाचल में बर्फबारी के आसार, 4 राज्यों में शीत लहर का अलर्ट

दिल्ली NCR में धुंध, पंजाब-हरियाणा में ठिठुरन, हिमाचल में बर्फबारी के आसार, 4 राज्यों में शीत लहर का अलर्ट

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Dec 14, 2025 06:52 am IST,  Updated : Dec 14, 2025 06:52 am IST

तेलंगाना-कर्नाटक समेत चार राज्यों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। वहीं, रविवार सुबह दिल्ली एनसीआर धुंध की चादर से ढंका रहा। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के आसार जताए गए हैं।

fog- India TV Hindi
घने कोहरे के बीच गुजरता ऑटो Image Source : PTI

रविवार सुबह दिल्ली और आसपास के इलाकों में घना कोहरा देखने को मिला। दृश्यता बेहद कम होने के चलते वाहन सड़कों पर रेंगते नजर आए। शनिवार के दिन ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर हादसे के बाद स्पीड लिमिट कम कर दी गई थी। दिल्ली समेत उत्तर भारत में आने वाले दिनों में भी घना कोहरा रहने के आसार हैं। पंजाब और हरियाणा में ठिठुरन का दौर जारी है। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है।

उत्तर पूर्वी राज्यों में भी घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मध्य भारत और देश के दक्षिण पश्चिमी राज्यों में मौसम सामान्य रहने के आसार हैं। वहीं, छत्तीसगढ़, ओडिशा, कर्नाटक और तेलंगाना में शीत लहर की चेतावनी दी गई है।

चार राज्यों में शीतलहर का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 14 और 15 दिसंबर को तेलंगाना और अंदरूनी कर्नाटक के कुछ इलाकों में कोल्ड वेव की स्थिति रहने की उम्मीद है। 14 दिसंबर को छत्तीसगढ़ और ओडिशा में कोल्ड वेव की स्थिति रहने की संभावना है और 14 दिसंबर को उत्तरी अंदरूनी कर्नाटक में बहुत ज्यादा कोल्ड वेव की स्थिति रहने की संभावना है। ठंडी हवाएं सेहत के लिए खतरा पैदा करती हैं। इसलिए गर्म कपड़े पहनने, घरों को गर्म रखने, गर्म पानी पीने की सलाह दी गई है। फसलों और जानवरों को पाले से बचाने के लिए भी मौसम विभाग ने सलाह दी है।

पंजाब और हरियाणा में ठिठुरन

पंजाब एवं हरियाणा में ठिठुरन बनी हुई है। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम था। मौसम विभाग ने बताया कि पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है जबकि लुधियाना में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस, पटियाला में 6.9 डिग्री सेल्सियस, पठानकोट में 6.6 डिग्री सेल्सियस और बठिंडा में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहा। विभाग ने बताया कि फरीदकोट और गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान क्रमश: 5.2 डिग्री सेल्सियस और 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी के आसार​

मौसम विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करने वाले एक नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण सप्ताहांत में हिमाचल प्रदेश के चंबा, कुल्लू और लाहौल एवं स्पीति के ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना है। अधिकारियों ने कहा कि हिमाचल के अन्य नौ जिलों में मौसम सामान्य रहेगा। लाहौल और चंबा के ऊंचे इलाकों में 17, 18 और 19 दिसंबर को बहुत हल्की बर्फबारी होने की भी संभावना है।

यह भी पढ़ें-

दिल्ली में दफ्तरों को वर्क फ्रॉम होम का आदेश, स्कूलों में हाइब्रिड तौर पर चलेंगी कक्षाएं

दिल्ली-NCR में जहरीली हुई हवा, लागू हुआ GRAP-IV; जानें कहां-कितना है AQI

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत