1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Weather Update: अभी जारी रहेगा बारिश का दौर, उत्तराखंड से यूपी तक बरसेगा मानसून, जानिए आपके शहर का कैसा रहेगा मौसम?

Weather Update: अभी जारी रहेगा बारिश का दौर, उत्तराखंड से यूपी तक बरसेगा मानसून, जानिए आपके शहर का कैसा रहेगा मौसम?

 Written By: Deepak Vyas @deepakvyas9826
 Published : Sep 18, 2022 07:27 am IST,  Updated : Sep 18, 2022 07:27 am IST

Weather Update: सितंबर माह का दूसरा पखवाड़ा बीत चुका है, लेकिन मानसून अभी तक मेहरबान है। कई राज्यों में बारिश से हाहाकार मचा हुआ है। मौसम विभाग ने बताया है कि उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश का ये सिलसिला 20 सितंबर तक जारी रह सकता है।

Weather Update- India TV Hindi
Weather Update Image Source : INDIA TV

Highlights

  • हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 20 सितंबर तक रहेगा बारिश का सिलसिला
  • दिल्ली में 18 सितंबर को बादल छाए रहेंगे, गिरेगा तापमान
  • यूपी, झारखंड व कोलकाता में कुछ दिनों तक हो सकती है मध्यम बारिश

Weather Update: देश के कई्र राज्यों में मानसून की जोरदार बारिश हो रही है। इसी बीच पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी भी दी गई है। हिमाचल प्रदेश से लेकर यूपी तक विभिन्न राज्यों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि शिमला, मुंबई, कोलकाता सहित देशभर के विभिन्न स्थानों पर तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना है। उत्तराखंड सहित अन्य पहाड़ी राज्यों में कई जगह बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। 

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 20 सितंबर तक रहेगा बारिश का सिलसिला

सितंबर माह का दूसरा पखवाड़ा बीत चुका है, लेकिन मानसून अभी तक मेहरबान है। कई राज्यों में बारिश से हाहाकार मचा हुआ है। मौसम विभाग ने बताया है कि उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश का ये सिलसिला 20 सितंबर तक जारी रह सकता है। मानसून उत्तर प्रदेश में भी मेहरबान है। यहां कई जिलों में बारिश का दौर बना हुआ है। मानसून की ट्रफ रेखा वाराणसी, डाल्टनगंज, दीघा और फिर पूर्व व दक्षिण पूर्व की ओर बंगाल की खाड़ी की ओर निकल चुकी है। ऐसे में यूपी सहित झारखंड व कोलकाता में आने वाले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 

दिल्ली में छाए रहेंगे बादल, गिरेगा तापमान

राजधानी दिल्ली और एनसीआर की बात करें तो दिल्ली में हाल के समय में बारिश का दौर बना हुआ है। हालांकि शनिवार को धूप भी खिली। लेकिन दिन और रात के तापमान में पहले की अपेक्षा कमी दर्ज की गई है। वहीं बारिश को लेकर मौसम विभाग ने बताया है कि आज यानी 18 सितंबर को राजधानी में बादल छाए रहेंग, लेकिन बारिश की संभावना कम है। वहीं तापमान की बात की जाए तो न्यूनतम तापमान 23 डिग्री और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। मौसम विभाग ने बताया कि 18 से 22 सितंबर के बीच बादल छाए रहेंगे। वहीं तापमान में कमी दर्ज की जा सकती है।

मानसून की क्या है स्थिति?

उत्तर प्रदेश के मध्यभागों पर बना कम दबाव का क्षेत्र कमजोर होकर उसी क्षेत्र में कम दबाव में बदल गया है। मौसम एजेंसी स्काईमेट के अनुसार एक ट्रफ रेखा पूर्वोत्तर अरब सागर से गुजरात और पश्चिमी मध्यप्रदेश होते हुए यूपी के मध्य भागों पर बने हुए चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र तक जा रही है। 18 सितंबर तक यह उत्तर पश्चिम और उससे सटे पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बनने की उम्मीद है। इसके प्रभाव में 20 सितंबर के आसपास कम दबाव का एक क्षेत्र बन सकता है। 

अगले 24 घंटों में इन स्थानों पर बारिश के आसार

मौस्म विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों की अवधि के दौरान उत्तर पूर्वी उत्तर प्रदेश, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम व अंडमान निकोबार द्वीप समूह, बिहार के उत्तरी हिस्से, गंगीय पश्चिम बंगाल, बिहार के शेष हिस्सों, छत्तीसगढ़, कोंकण गोवा, मध्यप्रदेश दक्षिण गुजरात और मध्य महाराष्ट्र, ओडिशा के कुछ हिस्सों में मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं विदर्भ, उत्तराखंड व हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। जम्मू कश्मीर, गिलगित बालतिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख, यूपी, एमपी, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, केरल, लक्षद्वीप व कर्नाटक के आंतरिक इलाकों में बारिश होने की संभावना है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत