1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. चक्रवाती तूफान फेंगल का दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के मौसम में क्या पड़ेगा असर? बारिश होगी या बढ़ेगी ठंड, जानें सबकुछ

चक्रवाती तूफान फेंगल का दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के मौसम में क्या पड़ेगा असर? बारिश होगी या बढ़ेगी ठंड, जानें सबकुछ

 Published : Dec 01, 2024 07:14 am IST,  Updated : Dec 01, 2024 07:29 am IST

दक्षिण भारत के कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ जमकर बारिश हो रही है। चक्रवाती तूफान का असर वहां देखनो को मिल रहा है। क्या चक्रवाती तूफान का असर दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के राज्यों में होगा? जानिए इसको लेकर मौसम विभाग ने क्या कहा है?

दिल्ली-एनसीआर का मौसम अपडेट- India TV Hindi
दिल्ली-एनसीआर का मौसम अपडेट Image Source : FILE PHOTO

दक्षिण भारत के कई राज्यों में चक्रवाती तूफान फेंगल का असर देखने को मिल रहा है। तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और पुडुचेरी के कई जिलों में जमकर बारिश हो रही है। इस बीच, उत्तर भारत का मौसम सामान्य बना हुआ है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में चक्रवाती तूफान का कुछ खास असर नहीं है। यहां पहले के जैसे ही ठंड हो रही है। बारिश का भी कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

जानिए कैसा रहेगा दिल्ली-NCR का मौसम?

रविवार सुबह दिल्ली-NCR का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को आसमान साफ रहेगा। दिन में धूप भी निकली रहेगी। अगले तीन दिन यानी सोमवार, मंगलवार और बुधवार को भी ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है। 

हरियाणा का हिसार जिला रहा सबसे ठंडा

दिल्ली के पड़ोसी राज्य हरियाणा के मौसम की बात करें तो यहां धीरे-धीरे ठंड बढ़ रही है। चक्रवाती तूफान का यहां भी कोई असर देखने को नहीं मिलेगा। हरियाणा के अधिकतर जिलों में इन दिनों सुबह और रात में अधिक ठंड महसूस की जा रही है। हरियाणा का सबसे अधिक ठंड वाला जिला हिसार रहा है, जबकि गुरुग्राम सबसे गर्म जिले के रूप में दर्ज किया गया है।

पिछले 5 साल में सबसे गर्म रहा नवंबर का महीना

बता दें कि दिल्ली में पिछला महीना नवंबर 5 साल में सबसे गर्म रहा है। आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, 2019 के बाद सबसे देरी से तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे गया है। साल 2019 में एक दिसंबर को तापमान 10 डिग्री से नीचे गया था। 

नवंबर में न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस रहा

नवंबर महीने का औसत न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो दीर्घावधि औसत 13 डिग्री सेल्सियस से लगभग दो डिग्री सेल्सियस अधिक है। इसी प्रकार औसत अधिकतम तापमान एलपीए से 1.1 डिग्री अधिक 29.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो 2019 के बाद से सबसे गर्म नवंबर है। न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट 25 नवंबर को शुरू हुई, जब यह 14 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत