1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. PM मोदी की अपील के बाद किन मुख्यमंत्रियों और बड़े नेताओं ने अपना काफिला छोटा किया? यहां जानिए

PM मोदी की अपील के बाद किन मुख्यमंत्रियों और बड़े नेताओं ने अपना काफिला छोटा किया? यहां जानिए

 Reported By: Devendra Parashar, Written By: Rituraj Tripathi
 Published : May 13, 2026 02:14 pm IST,  Updated : May 13, 2026 03:05 pm IST

पीएम मोदी की अपील के बाद कई सीएम और मंत्रियों ने अपने वाहनों का काफिला छोटा कर लिया है। इसमें यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा के सीएम शामिल हैं।

PM Modi- India TV Hindi
पीएम मोदी Image Source : INDIA TV

नई दिल्ली: पीएम मोदी ने कुछ दिन पहले देश के लोगों से बचत के लिए पेट्रोल डीजल का इस्तेमाल कम करने और एक साल तक सोना नहीं खरीदने और विदेश यात्राएं टालने की अपील की थी। अब पीएम मोदी ने खुद इस पर अमल करना शुरू कर दिया है। पीएम मोदी के आदेश के बाद उनके काफिले में गाड़ियों की संख्या में करीब 50 फीसदी तक कटौती की जा रही है। पीएम मोदी ने अपने काफिले में इलेक्ट्रिक वाहनों को शामिल करने पर जोर दिया है लेकिन इसके लिए नई इलेक्ट्रिक गाड़ियों की खरीद नहीं होगी।

SPG ने पीएम मोदी के आदेश पर अमल करना शुरू कर दिया है लेकिन प्रधानमंत्री की सुरक्षा को लेकर SPG प्रोटोकॉल से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। SPG प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए ब्लू बुक में तय मानकों का पालन करेगी। पीएम मोदी ने हैदराबाद की रैली में लोगों से खर्चे में कमी की अपील की थी। इसके बाद उनके वडोदरा और गुवाहाटी दौरे में इसका असर दिखने लगा। इन दोनों जगहों पर मोदी के काफिले में शामिल गाड़ियों की संख्या पहले के मुकाबले काफी कम थी।

गृह मंत्री अमित शाह का काफिला भी छोटा

पीएम मोदी की अपील के बाद गृह मंत्री अमित शाह का काफिला भी छोटा हो गया है। आज शाह के काफिले में आधे से भी कम गाड़ियां नजर आ रही हैं। जब अमित शाह आज अपने आवास से निकले तो कम गाड़ियां दिखीं।

पीएम मोदी की नसीहत को बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने अमल में लाना शुरू कर दिया है। 

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी वाहनों की संख्या सीमित करने का निर्णय लिया

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी विभागीय कामों के लिए वाहनों की संख्या सीमित करने का निर्णय लिया है।

सीएम योगी ने अपना काफिला छोटा किया

यूपी के सीएम योगी ने अपने और राज्य के मंत्रियों के काफिले में 50 फीसदी कटौती का आदेश दिया है। योगी ने राज्य के मुख्य सचिव, डीजीपी और सभी विभागों के प्रमुख सचिव के साथ बैठक में आदेश दिया कि काफिले से अनावश्यक वाहनों को हटाया जाए।

योगी ने सरकारी बैठक, सेमिनार, कॉन्फ्रेंस और वर्कशॉप वर्चुअली कराने पर जोर दिया। योगी ने कहा कि मंत्री, सांसद और विधायक सप्ताह में एक दिन पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें। सप्ताह में एक दिन नो व्हीकल डे का आयोजन किया जाए। योगी ने फैसला लिया कि राज्य के बड़े संस्था और स्टार्ट अप्स में सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम की एडवाइजरी जारी की जाए। योगी ने सार्वजनिक परिवहन, साइक्लिंग, कार पूलिंग और इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिन शहरों में मेट्रो चल रही हैं। वहां लोग इसका अधिक से अधिक इस्तेमाल करें। जिस रूट पर बस की डिमांड है, वहां इनकी सेवाए बढ़ाई जाएं। स्कूल-कॉलेजों में स्कूली बस के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की बात कही। जरूरत पड़ने पर परिवहन निगम की बसों को भी स्कूलों से जोड़ने को कहा।

राजस्थान और हरियाणा के सीएम ने भी अपना काफिला छोटा किया

पीएम मोदी के ईंधन बचाने की अपील का बड़ा असर हुआ है। राजस्थान और हरियाणा के सीएम ने भी अपना-अपना काफिला छोटा कर लिया है। दोनों मुख्यमंत्री केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल से मिलने पहुंचे थे। इस दौरान उनके काफिले में गाड़ियों की संख्या बाकी दिनों से कम दिखी।

राजस्थान के सीएम भजनलाल ने कहा कि पीएम की गाइडलाइन को पूरा करेंगे। कम गाड़ियों का इस्तेमाल करेंगे। जो कार्यक्रम जरूरी नहीं हैं उन्हें या तो छोटा करेंगे या फिर रद्द कर देंगे।

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी लिया बड़ा फैसला

CM सम्राट चौधरी ने पोस्ट कर जानकारी दी है कि प्रधानमंत्री मोदी की अपील के बाद डीजल-पेट्रोल बचत को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए हैं। CM कारकेड में वाहनों की संख्या कम होगी। मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से बिना अतिरिक्त वाहन कार्यक्रम में आने की अपील की गई है। जनता से मेट्रो, बस, ऑटो और पब्लिक ट्रांसपोर्ट के इस्तेमाल की अपील की गई है। सरकारी बैठकों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से कराने का निर्देश है। सरकारी कैंटीन में पाम ऑयल के कम इस्तेमाल का निर्देश दिया गया है। सरकारी और निजी दफ्तरों में वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा देने की सलाह दी गई है। सप्ताह में एक दिन ‘नो व्हीकल डे’ मनाने की अपील की गई है। 

दिल्ली के मंत्रियों ने भी ईंधन बचाने की मुहिम शुरू की

दिल्ली के मंत्रियों ने भी ईंधन बचाने की मुहिम शुरू कर दी है। पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने अपने काफिले की गाड़ियां कम कर दी हैं। अब तीन की जगह दो गाड़ियां होंगी। 

मंत्री आशीष सूद के काफिले में मंत्री की गाड़ी के अलावा अब सिर्फ एक गाड़ी होगी। मंत्री आशीष सूद अब इलेक्ट्रिक कार में चलेंगे। दिल्ली के मंत्री आशीष सूद ने ई रिक्शा से यात्रा की और मेट्रो स्टेशन तक गए। फिर मेट्रो में सवार होकर कड़कड़डूमा कोर्ट पहुंचे। 

कुछ ऐसा ही कानून मंत्री कपिल मिश्रा ने भी किया। वो भी मेट्रो में सफर करते दिखे। पीएम मोदी की अपील के बाद पूरे देश में एक मुहिम सी शुरू हो चुकी है।

मेट्रो से दफ्तर पहुंचने के बाद दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि वो केवल एक सरकारी गाड़ी का इस्तेमाल करेंगे। अगर जरूरी नहीं हुआ तो पब्लिक ट्रांसपोर्ट का सहारा लेंगे। कपिल मिश्रा ने कहा कि पीएम की वर्क फ्रॉम होम की अपील पर सभी पक्षों के साथ बातचीत चल रही है। इस बारे में एक दो दिन में फैसला हो जाएगा।

पीएम मोदी की अपील पर गुजरात में भी बड़ा असर

आज गुजराज के सीएम भूपेंद्र पटेल का काफिला पांच गुना छोटा नजर आया है। गुजरात के सीएम  भूपेंद्र पटेल जब अमरेली से गांधी नगर स्थित अपने आवास पहुंचने तो उनके काफिले में केवल 3 गाड़ियां थीं। एस्कॉर्ट वाहन या रिजर्व वाहन नजर नहीं आया। न ही मुख्यमंत्री के कॉन्वॉय में जैमर वाहन दिखा। मुख्यमंत्री की कार के साथ-साथ केवल सिक्योरिटी स्टाफ की दो गाड़ियां सीएम हाउस की तरफ जाती दिखीं।

फडणवीस सरकार ने भी आदेश जारी किए

महाराष्ट्र सरकार ने भी पीएम की अपील पर गंभीरता से अमल शुरू कर दिया है। फडणवीस सरकार ने आदेश जारी कर इसकी जानकारी दी है। मंत्रियों की विदेश यात्रा में कटौती की गई है। विदेश यात्रा के लिए सीएम कार्यालय की मंजूरी जरूरी होगी। अपनी मर्ज़ी से बिना बताए कोई मंत्री विदेश यात्रा पर नहीं जा सकता। इसके साथ ही जहां तक हो सके वर्चुअल मीटिंग की सलाह दी गई है।

मध्य प्रदेश के सीएम ने भी कड़े आदेश जारी किए

मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने भी कल एक बैठक की। इसके बाद ईंधन बचाने को लेकर कई बड़े आदेश जारी किए गए। सीएम ने कहा है कि कोई भी मंत्री वाहन रैली नहीं करेगा, ना ही कोई सड़क पर जाम लगाएगा। सीएम ने खुद का काफिला भी छोटा करने का फैसला लिया है। बाकी मंत्रियों का भी काफिला घटा दिया है। अफसरों के लिए भी ऐसा ही आदेश जारी किया गया है। इस आदेश का असर दिख रहा है। एमपी के मंत्री विश्वास सारंग बिना पायलट वाहन के अपने घर से दफ्तर गए हैं। 

महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष ने भी अपना काफिला छोटा किया

राहुल नार्वेकर ने काफिले की दो गाड़ियां कम कर दी हैं। साथ ही विधायक दल का जापान दौरा भी रद्द कर दिया है। राहुल नार्वेकर के काफिले में चार गाड़ियां थीं जो अब घटकर दो हो गई हैं। 

ये भी पढ़ें-

'मंत्रियों के काफिले में 50% की कटौती', PM की अपील पर CM योगी का बड़ा फैसला, वर्क फ्रॉम होम को लेकर क्या कहा?

PM मोदी की अपील पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का फैसला, विभागीय कामकाज के लिए वाहनों की संख्या सीमित करने का निर्णय

मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम की, पीएम की अपील पर सरकार का बड़ा फैसला

राजस्थान: CM भजनलाल ने अपने काफिले में वाहनों की संख्या सीमित की, ईंधन बचत पर दिया जोर, PM मोदी की अपील का असर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत