1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. World Population Day 2022: भारत में रहती है दुनिया की 18 पर्सेंट आबादी, जमीन सिर्फ 2 फीसदी

World Population Day 2022: भारत में रहती है दुनिया की 18 पर्सेंट आबादी, जमीन सिर्फ 2 फीसदी

 Written By: Deepak Vyas
 Published : Jul 11, 2022 01:36 pm IST,  Updated : Jul 11, 2022 04:15 pm IST

World Population Day 2022: हर साल 11 जुलाई को यह दिन मनाया जाता है। वर्ल्डोमीटर के अनुसार इस साल हमारी दुनिया की आबादी करीब 8 अरब हो गई है। यह जनसंख्या पिछले साल साढ़े सात अरब से ज्यादा थी।

World Population Day 2022- India TV Hindi
World Population Day 2022 Image Source : INDIA TV

Highlights

  • हमारे देश में 18 फीसदी आबादी बढ़ गई है 2001 से 2011 के बीच।
  • 2057 तक यह 10 अरब का आंकड़ा पार कर सकती है विश्व की आबादी
  • जुलाई 2022 तक विश्व की जनसंख्या 7.96 अरब से ज्यादा हो गई है

World Population Day 2022: दुनियाभर में आज विश्व जनसंख्या दिवस-2022 पर कार्यक्रम हो रहे हैं। हर साल 11 जुलाई को यह दिन मनाया जाता है। वर्ल्डोमीटर के अनुसार इस साल हमारी दुनिया की आबादी करीब 8 अरब हो गई है। यह जनसंख्या पिछले साल साढ़े सात अरब से ज्यादा थी। जनसंख्या वृद्धि पर रोक लगे, इसकी जागरुकता फैलाने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। जनसंख्या नियंत्रण के लिए परिवार नियोजन के मुद्दे पर भी चर्चा होती है और इसका प्रसार किया जाता है। उद्देश्य यही है कि जनसंख्या की बढ़ोतरी पर अंकुश लगाया जा सके। 

बढ़ती आबादी को लेकर क्या हैं भारत की चिंताएं

भारत दुनिया की दूसरी सबसे ज्यादा आबादी वाला देश है। हमसे आगे सिर्फ चीन ही है। जनसंख्या को लेकर भारत की चिंताएं कम नहीं हैं। हमारे देश का भूभाग दुनिया का सिर्फ 2.4 प्रतिशत है, जबकि दुनिया की 18 फीसदी आबादी हमारे देश में रहती है। आंकड़ों के अनुसार साल 2001 और 2011 की जनगणना के बीच देश में करीब 18 प्रतिशत आबादी बढ़ी है। संयुक्त राष्ट्र के एक अनुमान के मुताबिक अगर भारत की आबादी इसी दर से बढ़ती रही, तो 2027 के आसपास भारत दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश बन जाएगा। 

World Population Day 2022
Image Source : INDIA TVWorld Population Day 2022

2057 में 10 अरब के पार होगी विश्व की जनसंख्या

संयुक्त राष्ट्र के नवीनतम अनुमानों पर गौर किया जाए तो जुलाई 2022 तक विश्व की जनसंख्या 7.96 अरब से ज्यादा हो गई है। अनुमान है कि वर्ष 2037 में यह 9 अरब का आंकड़ा छू सकती है। यही हालात रहे तो वर्ष 2057 तक यह 10 अरब का आंकड़ा पार कर सकती है। पहले यह दिन उत्सव के रूप मे मनाया जाता था। निरंतर विकास की बात कही जाती थी। लेकिन अब लगातार बढ़ रही जनसंख्या के कारण इस दिन को जनसंख्या विस्फोट की चिंता के रूप में मनाया जाता है। इस दिन इसलिए भी खास है कि जनसंख्या बढ़ोतरी कैसे रोकी जाए, इस बारे में जागरुकता फैलाई जाए।

कब और कैसे मनाया जाने लगा विश्व जनसंख्या दिवस?

विश्व जनसंख्या दिवस की स्थापना 1989 में यूनाइटेड नेशन डेवलपमेंट प्रोग्राम की गवर्निंग काउंसिल (UNDP) ने की थी। इस दिन की प्रेरणा 'Five Billion Day' से आई थी, जो 11 जुलाई, 1987 को मनाया गया था। यानी इस दिन विश्व की जनसंख्या 5 अरब हो गई थी। यूएन ने बढ़ती जनसंख्या पर चिंता जताई। इसके बाद युनाइटेड नेशन में  इस बात को लेकर फैसला किया गया कि दुनिया में बढ़ती जनसंख्या को नियंत्रित किया जाएगा। इसके लिए लोगों में जागरुकता फैलाई जाएगी। यह जागरुकता फैलाने के उद्देश्य से विश्व जनसंख्या दिवस मनाने का निर्णय लिया गया।

World Population Day 2022
Image Source : INDIA TVWorld Population Day 2022

यह है साल 2022 की थीम

इस साल यानी वर्ष 2022 के वर्ल्ड पॉपुलेशन डे की थीम '8 अरब लोगों की दुनिया: सभी के लिए लचीला भविष्य, अवसर, अधिकार और विकल्प सुनिश्चित करना' है। इस थीम से यह स्पष्ट हो रहा है कि दुनिया में जनसंख्या 8 अरब तक पहुंच गई है, जो निश्चित ही चिंता का विषय है। जबकि पिछले साल कोविड के साये में जनसंख्या दिवस मनाया गया था। इसलिए पिछले साल यानी वर्ष 2021 की विश्व जनसंख्या दिवस की थीम 'कोविड-19 महामारी का प्रजनन क्षमता पर प्रभाव' थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत