1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. 2019 लोकसभा चुनाव: BJP मुंबई में 38वें स्थापना दिवस पर चुनाव अभियान की करेगी शुरुआत

2019 लोकसभा चुनाव: BJP मुंबई में 38वें स्थापना दिवस पर चुनाव अभियान की करेगी शुरुआत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 04, 2018 08:50 pm IST,  Updated : Apr 04, 2018 08:50 pm IST

भारतीय जनता पार्टी (BJP) आगामी लोकसभा चुनाव के लिए अपने अभियान की शुरुआत शुक्रवार को पार्टी के 38वें स्थापना दिवस पर अपनी ताकत की झलक दिखाकर करेगी।

BJP foundation day- India TV Hindi
A file photo of BJP's lotus symbol made by party workers during its foundation day celebration

मुंबई: भारतीय जनता पार्टी (BJP) आगामी लोकसभा चुनाव के लिए अपने अभियान की शुरुआत शुक्रवार को पार्टी के 38वें स्थापना दिवस पर अपनी ताकत की झलक दिखाकर करेगी। पार्टी के एक शीर्ष पदाधिकारी ने बुधवार को इस बात की जानकारी दी। इस मौके पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय नौवहन मंत्री नितिन गडकरी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, राज्य भाजपा इकाई के अध्यक्ष रावसाहेब दानवे पाटील और अन्य शीर्ष पदाधिकारी मौजूद रहेंगे, जो पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। दानवे पाटील ने कहा, "इस विशाल सम्मेलन में महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक और तमिलनाडु के तीन लाख से ज्यादा कार्यकर्ता, जिसमें बूथ स्तर से लेकर संसद सदस्य, शामिल होंगे।"

उनसे यह पूछने पर कि क्या यह सम्मेलन अगले संसदीय चुनाव के लिए अभियान की शुरुआत का सूचक है? उन्होंने कहा, "हां, आप ऐसा कह सकते हैं।" शाह यहां गुरुवार को पहुंचेंगे और पार्टी की कोर समिति के शीर्ष नेताओं से मुलाकात करेंगे। वह शुक्रवार को बांद्रा-कुर्ला परिसर मैदान में पार्टी कार्यकर्ताओं की रैली को संबोधित करेंगे। 

उन्होंने कहा, "हम चाहते हैं कि बूथ स्तर के कार्यकर्ता यहां आएं। वे जमीनी स्तर के लोग हैं। उन्हें पार्टी का विराट स्वरूप देखना चाहिए।"उन्होंने हालांकि यह स्पष्ट कर दिया है कि यह भाजपा का आंतरिक सम्मेलन है और इसमें किसी अन्य पार्टी के नेता को आमंत्रित नहीं किया गया है। फिलहाल 80 हजार बूथ प्रमुख, 26 शाखा व इकाई पदाधिकारी, पांच हजार ग्राम सरपंच, 97 बड़े और छोटे नगर निकायों के सदस्य, सभी सांसद, विधायक, जिला और उप जिला अध्यक्ष यहां पहुंचने लगे हैं।

महाराष्ट्र और अन्य राज्यों से 50 हजार से ज्यादा बसों व वाहनों से और 28 विशेष रेलगाड़ियों से कार्यकर्ता बीकेसी मैदान पहुंचेंगे। सभी को लाने का काम मुंबई पार्टी अध्यक्ष आशीष शेलार द्वारा किया जाएगा। बीकेसी मैदान में तीन विशाल मंच, सम्मेलन के लिए सात शामियाने और रात में कार्यकर्ताओं के रुकने के लिए दो अन्य शामियानों की विस्तृत व्यवस्था की गई है। इसी तरह के समान जश्न की तैयारी भारत के अलग-अलग राज्यों और सभी जिलों में की गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत