1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. 2019 लोकसभा चुनाव: गुजरात में भाजपा को घेरने के लिए यह है कांग्रेस का ‘मास्टर प्लान’

2019 लोकसभा चुनाव: गुजरात में भाजपा को घेरने के लिए यह है कांग्रेस का ‘मास्टर प्लान’

 Reported By: Bhasha
 Published : Jul 01, 2018 02:18 pm IST,  Updated : Jul 01, 2018 02:18 pm IST

2019 के लोकसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को घेरने के लिए गुजरात कांग्रेस एक ‘मास्टर प्लान’ के तहत काम करने वाली है...

Congress working on master plan to defeat BJP in Gujarat | PTI Representational- India TV Hindi
Congress working on master plan to defeat BJP in Gujarat | PTI Representational

नई दिल्ली: 2019 के लोकसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को घेरने के लिए गुजरात कांग्रेस एक ‘मास्टर प्लान’ के तहत काम करने वाली है। गुजरात विधानसभा चुनाव में सामाजिक गठजोड़ के जरिए भाजपा को कड़ी चुनौती देने के बाद कांग्रेस इसी तरह का राजनीतिक प्रयोग लोकसभा चुनाव में भी करने की तैयारी में है। पार्टी का कहना है कि वह आगामी आम चुनाव में राज्य की सभी भाजपा विरोधी ताकतों को अपने साथ लेगी। कांग्रेस का यह भी दावा है कि गुजरात विधानसभा चुनाव में 'ट्रेलर' दिखाई दिया था और लोकसभा चुनाव में 'पूरी पिक्चर' दिखाई देगी जो सबको चौंका देगी।

पार्टी के गुजरात प्रभारी राजीव सातव ने कहा, 'गुजरात विधानसभा चुनाव में सबने ट्रेलर देखा था, असली पिक्चर लोकसभा चुनाव में दिखेगी। गुजरात में लोकसभा के नतीजे चौंकाने वाले होंगे।' गौरतलब है कि पिछले साल गुजरात विधानसभा चुनाव में हार्दिक पटेल, अल्पेश ठाकोर और जिग्नेश मेवाणी के जरिये सामाजिक गठजोड़ बनाकर कांग्रेस ने भाजपा को कड़ी चुनौती दी थी। गुजरात विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश प्रभारी बनाए गए लोकसभा सदस्य सातव ने राज्य में गठबंधन और सामाजिक गठजोड़ के सवाल पर कहा, 'लोकसभा चुनाव में हम गुजरात में उन सभी ताकतों को अपने साथ लेंगे जो भाजपा और उसकी सोच के खिलाफ हैं। हम इस दिशा में काम कर रहे हैं।'

गौरतलब है कि पिछले लोकसभा चुनाव में गुजरात की 26 लोकसभा सीटों में से कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत पाई थी। यह पूछे जाने पर कि क्या इस बार कांग्रेस बेहतर प्रदर्शन कर पाएगी तो सातव ने कहा, ‘इस बार हम सबको चौंकाने वाले हैं। आज के समय में गुजरात में पूरी तरह कांग्रेस के पक्ष में माहौल है। हम एक रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभा रहे हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि इस बार हम भाजपा से ज्यादा सीटें जीतेंगे। राज्य में संगठन को हम प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का काम कर रहे हैं। अगले कुछ महीनों में गुजरात में हमारे पास पहले से मजबूत संगठन होगा।’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत