नय दिल्ली: कांग्रेस नेता अजय माकन ने मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल और दिल्ली चुनाव आयुक्त को पत्र लिखकर आगामी दिल्ली नगर निगम चुनावों में ईवीएम की जगह बैलट पेपर के इस्तेमाल की मांग की है। उन्होंने कहा है कि ईवीएम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए हैं, लोकतंत्र में चुनाव निष्पक्ष हो और चुनाव की विश्वसनीयता बनी रहे, इसलिए निगम चुनाव बैलट पेपर से कराने जरूरी हैं।
माकन ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने जनवरी 2017 में ईवीएम में वोटर वेरिफायड पेपर ऑडिट ट्रायल (वीवीपीएटी) के इस्तेमाल की बात कही थी, ताकि चुनाव में 100 प्रतिशत पारदर्शिता रखी जा सके। परंतु चुनाव आयोग ने इस तकनीक को अब तक लागू नहीं किया है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस पार्टी एक मुख्य विपक्षी पार्टी होने के नाते चाहती है कि चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनी रहे और लोगों के दिमाग में जो भी संशय है, वह दूर हो जाए। लिहाजा दिल्ली कांग्रेस चाहती है कि आगामी निगम चुनाव बैलट पेपर पर हो।
माकन ने कहा कि दिल्ली नगर निगम एक्ट की धारा 7 में यह कहा गया है कि निगम के चुनाव सीधे तौर पर दिल्ली सरकार की देखरेख में होते हैं, जिन्हें राज्य चुनाव आयोग करवाता है। माकन ने दिल्ली चुनाव आयोग को 14 मार्च 2017 के लिखे पत्र में दिल्ली चुनाव आयोग से निगम चुनाव को बैलट पेपर से कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अमेरिका सहित दुनिया कई विकसित देशों में आज भी चुनावों में ईवीएम का इस्तेमाल न करके बैलट पेपर इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने कहा कि हम दिल्ली के लोगों की तरफ से यह मुद्दा उठा रहे हैं।
ग़ौरतलब है कि दिल्ली राज्य निर्वाचन आयोग ने राजधानी के तीनों नगर निगमों के चुनाव के लिए 22 अप्रैल को मतदान कराए जाने की मंगलवार को घोषणा कर दी। आयोग के अनुसार, मतगणना 25 अप्रैल को होगी। एमसीडी चुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वोटिंग ईवीएम मशीन से ही होगी। आयोग ने कहा कि उत्तरी, दक्षिणी एवं पूर्वी दिल्ली नगर निगमों के कुल 272 वार्डो में होने वाला मतदान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के जरिए ही होगा।