सोनभद्र (उप्र): भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने यहां के पथरीले पहाडों को नष्ट करने के लिए बसपा प्रमुख मायावती पर तंज कसते हुए आज कहा कि उन पत्थरों से मायावती के पुतले बन गये।
अमित शाह ने यहां परिवर्तन यात्रा के तीसरे चरण की शुरूआत करते हुए कहा, मैं जब सोनभद्र आया तो पहाड़ देखे। फिर देखा कि गडढे कहां से आ गये, पत्थर कहां गये। उन्होंने बसपा सुप्रीमो पर तंज कसते हुए कहा, सोनभद्र के पत्थरों से मायावती के पुतले बन गये।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
शाह ने कहा, बहन जी कहती हैं सपा ठीक नहीं कर रही है। बसपा को लाइये। मैं याद कराना चाहता हूं कि आपके समय में एनआरएचएम, ताज कॉरिडार और खाद्यान्न घोटाले सहित कई घपले हुए। शाह ने कहा कि सोनभद्र की धरती के भीतर से अगर बालू का ही सदुपयोग किया गया होता तो काशी के हर गांव में स्कूल बन जाता। पानी और बिजली पहुंच जाता।
मायावती के बाद शाह के निशाने पर सपा सरकार के कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रजापति रहे। गायत्री पहले खनन मंत्री थे। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उन्हें सरकार से निकाल दिया था लेकिन बाद में फिर ले लिया। शाह ने कहा, इनके (सपा) एक मंत्री हैं, मुलायम के बहुत प्रिय हैं। उनको ठेका देकर रखा गया है कि जाओ खनन घोटाला करो। जनता का पैसा जितना लूट सकते हो, लूटो।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता यदि परिवर्तन कर भाजपा का शासन लाती है तो पांच साल में हम पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगने वाला है। ढाई साल में मोदी सरकार कोई विरोधी भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा सका।