1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. गृहमंत्री अमित शाह AIIMS से डिस्चार्ज होकर घर पहुंचे, कोविड-19 के बाद की देखभाल के लिए हुए थे भर्ती

गृहमंत्री अमित शाह AIIMS से डिस्चार्ज होकर घर पहुंचे, कोविड-19 के बाद की देखभाल के लिए हुए थे भर्ती

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 31, 2020 08:37 am IST,  Updated : Aug 31, 2020 09:19 am IST

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) से डिस्चार्ज होकर अपने घर पहुंच गए हैं। उन्हें कोविड-19 बीमारी के बाद की देखभाल के लिए नई दिल्ली स्थित एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

Amit shah discharge, AIIMS, COVID 19- India TV Hindi
गृहमंत्री अमित शाह AIIMS से डिस्चार्ज होकर घर पहुंचे Image Source : FILE PHOTO

नई दिल्ली: केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) से डिस्चार्ज होकर अपने घर पहुंच गए हैं। उन्हें कोविड-19 बीमारी के बाद की देखभाल के लिए नई दिल्ली स्थित एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अमित शाह ने दो अगस्त को ट्विटर पर खुद के कोरोना से संक्रमित होने की जानकारी दी थी। उन्होंने कहा था कि वे कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं और पिछले 10 दिनों में जो लोग भी उनके संपर्क में आए हैं वे खुद को आइसोलेट कर लें और अपना टेस्ट करा लें। 

अमित शाह की कोरोना रिपोर्ट 14 अगस्त को निगेटिव आई थी। शाह ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी थी। उन्होंने यह भी कहा कि डॉक्टरों की सलाह पर वह अगले कुछ दिनों तक घर में पृथक-वास में रहेंगे। उन्होंने ट्वीट किया था, ‘‘आज मेरी कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आयी है। मैं ईश्वर का धन्यवाद करता हूं और इस समय जिन लोगों ने मेरे स्वास्थ्यलाभ के लिए शुभकामनाएं देकर मुझे और मेरे परिजनों को ढांढस बंधाया, उन सभी का ह्रदय से आभार व्यक्त करता हूं। डॉक्टरों की सलाह पर मैं अभी कुछ और दिनों तक घर में पृथक-वास में रहूंगा।’’ 

कोरोना से संक्रमित होने के बाद अमित शाह का मेदांता अस्पताल में इलाज चला था और संक्रमण मुक्त होने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई थी। लेकिन कुछ दिनों के बाद थकान और शरीर में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें 18 अगस्त को AIIMS अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अमित शाह के डिस्चार्ज होने से पहले एम्स ने एक बयान में कहा, 'केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह को कोविड-19 बीमारी के बाद की देखभाल के लिए एम्स में भर्ती कराया गया था। वह स्वस्थ हो गये हैं और जल्द ही उन्हें छुट्टी दी जा सकती है।' 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत