1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. अमित शाह ने 3 राज्यों में भाजपा की चुनावी तैयारियों की समीक्षा की

अमित शाह ने 3 राज्यों में भाजपा की चुनावी तैयारियों की समीक्षा की

 Reported By: IANS
 Published : Jun 09, 2019 11:43 pm IST,  Updated : Jun 09, 2019 11:43 pm IST

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने रविवार को हरियाणा, महाराष्ट्र और झारखंड के चुनिंदा पार्टी नेताओं से मुलाकात की और सांगठनिक मुद्दों के अलावा इन तीनों राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की।

amit shah- India TV Hindi
हरियाणा के नेताओं के साथ भाजपा अध्यक्ष अमित शाह Image Source : PTI

नई दिल्ली| भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ) के अध्यक्ष अमित शाह ने रविवार को हरियाणा, महाराष्ट्र और झारखंड के चुनिंदा पार्टी नेताओं से मुलाकात की और सांगठनिक मुद्दों के अलावा इन तीनों राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की। इन तीनों राज्यों में भाजपानीत राजग की सरकारें हैं और उम्मीद है कि तीनों राज्यों में अक्टूबर में चुनाव होंगे।

सूत्रों के मुताबिक शाह ने तीनों राज्यों के नेताओं से अलग-अलग मुलाकात की और चुनावी तैयारियों का जायजा लिया। हरियाणा के नेताओं के साथ हुई पहली बैठक में राज्य के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और कृष्णपाल गुर्जर, राज्य के मंत्री अनिल विज, ओमप्रकाश धनकड़, राम विलास शर्मा, कैप्टन अभिमन्यु व अन्य शामिल हुए।

लोकसभा चुनाव 2019 में भाजपा ने हरियाणा में पहली बार सभी दस संसदीय सीटों को जीतने में सफलता पाई। 2014 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 90 सदस्यीय विधानसभा में पहली बार 47 सीटें जीती थीं। इसके बाद शाह ने झारखंड के पार्टी नेताओं से मुलाकात की जिनमें मुख्यमंत्री रघुबर दास, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और पार्टी के राज्य मामलों के प्रभारी मंगल पांडे शामिल थे।

लोकसभा चुनाव 2019 में भाजपा ने झारखंड की 14 संसदीय सीटों में 12 पर जीत दर्ज की है। 2014 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 81 सदस्यीय विधानसभा में 42 सीटें जीती थीं। महाराष्ट्र के जिन नेताओं के साथ शाह ने बैठक की, उनमें मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, राज्य पार्टी मामलों प्रभारी सरोज पांडे और पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष रावसाहेब पाटील दनवे शामिल थे।

लोकसभा चुनाव 2019 में भाजपा-शिवसेना गठबंधन ने महाराष्ट्र की 48 संसदीय सीटों में 41 पर जीत दर्ज की है। 2014 के विधानसभा चुनाव में भाजपा और शिवसेना ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था। 288 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा ने 122 सीटें जीती थीं। शिवसेना के हिस्से में 63 सीटें आई थीं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत