1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. अमित शाह ने छत्तीसगढ़ में बड़ी जीत हासिल करने का आह्वान किया, कांग्रेस पर लगाया तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप

अमित शाह ने छत्तीसगढ़ में बड़ी जीत हासिल करने का आह्वान किया, कांग्रेस पर लगाया तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 12, 2018 08:27 pm IST,  Updated : Oct 12, 2018 08:29 pm IST

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा है कि वे छत्तीसगढ़ में बड़ी जीत हासिल कर अन्य राज्यों में कार्यकर्ताओं के बलिदान का बदला लें।

Amit Shah, Congress, Chhattisgarh, NRC- India TV Hindi
Amit Shah targets Congress over appeasement politics in Chhattisgarh

बिलासपुर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा है कि वे छत्तीसगढ़ में बड़ी जीत हासिल कर अन्य राज्यों में कार्यकर्ताओं के बलिदान का बदला लें। शाह ने शुक्रवार को राज्य के बिलासपुर जिला मुख्यालय में कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा देश के 19 राज्यों में तथा 70 फीसदी भू-भाग में सत्ता में है। राज्य में पिछले तीन बार से भाजपा सरकार में है और हम इस बार चौथी बार सरकार बनाने के लिए चुनाव मैदान में हैं।

Related Stories

शाह ने कहा कि मैं पूछना चाहता हूं कि क्या आप 2-3 सीटों की सामान्य अंतर की जीत से संतुष्ट हैं। इस बार हमें 65 से अधिक सीटों पर जीत चाहिए। छत्तीसगढ़ पर पूरे देश के पार्टी कार्यकर्ताओं की नजर है। यदि आप इस चुनाव को साधारण बहुमत के साथ जीतते हैं तब पूरे देश के कार्यकर्ता निराश होंगे। छत्तीसगढ़ चुनाव में बड़ी जीत महत्वपूर्ण है तथा यह अन्य गैर भाजपा शासित राज्यों में जीत सुनिश्चित करेगी। 

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पश्चिम बंगाल से हमारे कार्यकर्ता छत्तीसगढ़ पर नजर रखे हुए हैं। हमारे कार्यकर्ता बंगाल, केरल, तमिलनाडु में मारे जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ चुनाव बंगाल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, तेलंगाना में सरकार बनाने के लिए आधार बनाएगा। राज्य में जीत की बड़ी लहर बनाएं जो 2019 में मोदी जी की जीत सुनिश्चित करने के लिए सुनामी में बदल जाएगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जीत 2019 में लोकसभा चुनाव में जीत की नींव रखेगी। छत्तीसगढ़ की बड़ी जीत बंगाल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु और केरल में पार्टी कार्यकर्ताओं के बलिदान का बदला होगी।

अमित शाह ने कांग्रेस पर वोट बैंक के लिए तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। शाह ने कहा कि जब भी कांग्रेस देश की सत्ता में आई, उसने देश की सुरक्षा को ताक में रखकर वोट बैंक के लिए तुष्टिकरण की राजनीति की। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि घुसपैठियों को देश से हटाया जाना चाहिए कि नहीं। करोड़ों घुसपैठियों ने देश में प्रवेश किया है और देश को दीमक की तरह खा रहे हैं। लेकिन कांग्रेस पार्टी ने घुसपैठियों के खिलाफ कुछ नहीं किया। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि असम में भाजपा के सत्ता में आने के बाद एनआरसी शुरू किया गया और वहां 40 लाख घुसपैठियों की पहचान की गई। जैसे ही उन्हें पहचाना गया, राहुल बाबा और कंपनी, समाजवादी पार्टी, बसपा, टीएमसी, टीडीपी, उन सभी ने रोना शुरू कर दिया।

शाह ने कहा कि राहुल गांधी आप उनका समर्थन करते रहते हैं। सपा और बसपा भी उनका पक्ष लेते हैं। लेकिन कुछ नहीं होगा। 2019 के बाद नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार देश के हर कोने में घुसपैठियों की पहचान करेगी और उन्हें बाहर निकालेगी। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा तथा देश को नक्सलवाद, आतंकवाद और घुसपैठ से मुक्त कराना भाजपा की प्राथमिकता है। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव की घोषणा हो चुकी है। राज्य में दो चरणों में चुनाव होना है। पहले चरण में 12 नवंबर को 18 विधानसभा सीटों के लिए तथा दूसरे चरण में 20 नवंबर को 72 सीटों के लिए मतदान होगा। वहीं 11 दिसंबर को मतों की गिनती होगी। छत्तीसगढ़ में भाजपा पिछले 15 वर्षों से सत्ता में है। छत्तीसगढ़ में 2013 में हुए चुनाव में भाजपा को 90 सीटों में से 49 सीटों पर तथा कांग्रेस को 39 सीटों पर जीत मिली थी। वहीं एक-एक सीटों पर बसपा और निर्दलीय विधायक हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत