1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. BJP में शामिल होने के बाद बोले लवली, 'कांग्रेस पर बोझ हैं शीला दीक्षित'

BJP में शामिल होने के बाद बोले लवली, 'कांग्रेस पर बोझ हैं शीला दीक्षित'

 Written By: Bhasha
 Published : Apr 19, 2017 08:13 pm IST,  Updated : Apr 19, 2017 08:17 pm IST

भाजपा में शामिल होने के एक दिन बाद अरविंदर सिंह लवली ने एक समय मार्गदर्शक रही पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित पर निशाना साधते हुए उन्हें कांग्रेस पार्टी पर बोझ करार दिया। लवली ने संवाददाताओं से कहा कि शीला दीक्षित एमसीडी चुनाव में कांग्रेस के प्रचार अ

arvinder singh and sheila dixit- India TV Hindi
arvinder singh and sheila dixit

नई दिल्ली: भाजपा में शामिल होने के एक दिन बाद अरविंदर सिंह लवली ने एक समय मार्गदर्शक रही पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित पर निशाना साधते हुए उन्हें कांग्रेस पार्टी पर बोझ करार दिया। लवली ने संवाददाताओं से कहा कि शीला दीक्षित एमसीडी चुनाव में कांग्रेस के प्रचार अभियान से पूरी तरह से दूर हैं और वह बोझ बन गई हैं। उन्होंने दिल्ली प्रदेश कांग्रेस प्रमुख अजय माकन पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें परिश्रम करने की बजाए आराम पसंद हैं।

(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)

उल्लेखनीय है कि शीला दीक्षित ने इस घटनाक्रम को लवली की ओर से धोखा देने का कार्य बताया था। लवली ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह द्वारा एक कार्यकर्ता के रूप में उन्हें भाजपा में शामिल किये जाने पर आभार प्रकट किया और कहा कि वह पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए पूर्ण परिश्रम करेंगे।

ये भी पढ़ें

उन्होंने कहा कि भाजपा नेतृत्व द्वारा नगर निगम चुनावों में सभी नये चेहरों को उतारने का निर्णय एक ऐतिहासिक निर्णय है, साधारणत: कोई भी राजनीतिक दल स्थापित नेतृत्व को हटाकर जोखिम नहीं लेता है पर भाजपा ने एक नया नेतृत्व विकसित करने के उद्देश्य से यह जोखिम लिया है जिसके लिए पार्टी नेतृत्व बधाई का पात्र है।

उन्होंने कहा कि इस निगम चुनावों में भाजपा तीनों नगर निगमों में दो तिहाई बहुमत पायेगी और पार्टी एक नया कीर्तिमान स्थापित करेगी। अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि दिल्ली की जनता इस चुनाव को एक नगर निगम चुनाव की तरह न देखें बल्कि इसे राजनीति को अराजक तत्वों एवं राष्ट्र विरोधी ताकतों को समर्थन देने वालों से मुक्त कराने के अवसर के रूप में देखें।

उन्होंने कहा कि मैं लम्बे समय से कांग्रेस को नर सेवा, नारायण सेवा के उद्देश्य से भटकता देख कर कुंठित हो रहा था पर गत कुछ महीनों में जब मैंने यह देखा कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी तो झुग्गियों में प्रवास कर गरीबों की समस्याओं को उठा रहे हैं वहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष लोदी गार्डन में समाज के उच्च वर्ग से चर्चाओं में समय दे रहे हैं तो मुझे लगा कि अब कांग्रेस पथ भ्रष्ट हो रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत