1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. अशोक गहलोत ने कहा, अंग्रेजों की मुखबिरी करने वाले कांग्रेस की विरासत पर सवाल उठा रहे हैं

अशोक गहलोत ने कहा, अंग्रेजों की मुखबिरी करने वाले कांग्रेस की विरासत पर सवाल उठा रहे हैं

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 28, 2019 02:15 pm IST,  Updated : Dec 28, 2019 02:20 pm IST

राजस्थान के सीएम ने कहा कि देश के तमाम फैसले पीएमओ में होते हैं। गहलोत पार्टी के स्थापना दिवस पर प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

Ashok Gehlot, Ashok Gehlot BJP, Ashok Gehlot attacks BJP on Congress foundation day- India TV Hindi
राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने कहा, अंग्रेजों की मुखबिरी करने वाले कांग्रेस की विरासत पर सवाल उठा रहे हैं। Facebook

जयपुर: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए शनिवार को कहा कि आजादी के आंदोलन में अंग्रेजों की मुखबिरी करने वाले आज कांग्रेस की विरासत पर सवाल उठा रहे हैं। इसके साथ ही गहलोत ने दोहराया कि देश के मौजूदा हालात में संविधान खतरे में है और लोकतंत्र की हत्या हो रही है। राजस्थान के सीएम ने कहा कि देश के तमाम फैसले पीएमओ में होते हैं। गहलोत पार्टी के स्थापना दिवस पर प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

कांग्रेस पार्टी एवं कांग्रेस की सरकारों की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए गहलोत ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा, ‘एक तरफ आपकी विरासत बहुत मजबूत है, गर्व करने वाली है, पूरे मुल्क को गर्व करना चाहिए। वहीं प्रधानमंत्री मोदी और उनकी पार्टी के लोग हमारी विरासत को लेकर क्या टिप्पणी करते हैं आपको मालूम है। पंडित नेहरू की विरासत को लेकर के क्या टिप्पणी करते हैं आपको मालूम ही है। पंडित नेहरू की विरासत तो त्याग की, बलिदान की है, देश के लिए जेल जाने की है। शहादत देने वाले इंदिरा गांधी एवं राजीव गांधी की है। वो विरासत है और आपकी पार्टी की सोच वाले लोग आजादी की जंग के दौरान अंग्रेजों की मुखबिरी करते थे और ऐसे लोग आज कांग्रेस विरासत की बात करते हैं जो बड़े ही शर्म की बात है।’


गहलोत ने कहा, ‘आज संविधान खतरे में है, लोकतंत्र की हत्या हो रही है, तमाम संस्थाएं बर्बाद हो रही हैं, न्यायपालिका पर दबाव, निर्वाचन आयोग पर दबाव, सीबीआई, ईडी, इनकम टैक्स पर दबाव है, पीएमओ की इजाजत के बिना एक पत्ता नहीं हिलता है। तमाम फैसले पीएमओ में होते हैं, देश कहां जा रहा है? ’ उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने अपने 135वें स्थापना दिवस पर 'भारत बचाओ-संविधान बचाओ' नारे के साथ फ्लैग मार्च निकाला। जयपुर में यह रैली शहीद स्मारक से शुरू हुई और प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंची। गहलोत ने कहा कि देश के संविधान को हर नागरिक को घर में रखना चाहिए क्योंकि देश में संविधान को खतरा है और लोकतंत्र को बचाने की जिम्मेदारी पूरे मुल्क के लोगों की है।

उन्होंने कहा, ‘आज जिस प्रकार के फासीवादी लोग आकर सत्ता में बैठ गए हैं, लोकतंत्र का नकाब ओढ़े हुए हैं, उनकी संविधान में कोई आस्था नहीं है। यह मामूली खतरा नहीं है बल्कि बहुत बड़ा खतरा है।’ अनेक राज्यों के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की हार का जिक्र करते हुए गहलोत ने कहा, ‘आप देख रहे होंगे कि एक के बाद एक 9 जगह विधानसभा चुनाव हुए, भाजपा कहीं नहीं जीत पा रही है एक के बाद वह राज्यों से बाहर जा रही है। कांग्रेस की नीतियां, उसकी विचारधारा, उसके कार्यक्रम ही इस देश को फिर से मजबूती प्रदान करेंगे, देश को अखंड रखेंगे।’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत