सोनीपत: योग गुरु बाबा रामदेव को हरियाणा सरकार ने कैबिनेट मंत्री का दर्जा देने की पेशकश के बाद बाबा रामदेव ने यह कहते हुए इसे स्वीकार करने से मना कर दिया कि वह बाबा हैं और उन्हें बाबा ही रहने दें। दरअसल लोकसभा और हरियाणा विधानसभा चुनावों में बाबा रामदेव ने बीजेपी के लिए प्रचार किया था।
उन्हें हरियाणा का ब्रैंड ऐम्बैसडर बनाया गया है साथ ही साथ सरकार ने रामदेव को कैबिनेट मंत्री का दर्जा देने का कुछ दिनों पहले ही ऐलान किया था। लेकिन, आज रामदेव ने सोनीपत के एक कार्यक्रम में सीएम मनोहर लाल खट्टर की मौजूदगी में यह 'सम्मान' लेने से इंकार कर दिया।
इस मौके पर बाबा रामदेव ने कहा, 'मैं इसे आपकी झोली में ही डालता हूं। मैं बाबा हूं बाबा ही रहने दो।'
सूत्रों के मुताबिक कैबिनेट मंत्री का दर्जा देने के लिए सरकारी कार्यवाही अभी बाकी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रामदेव को कैबिनेट रैंक की सुविधाएं किस तरह उपलब्ध करानी है, इसका ड्रॉफ्ट अभी तैयार नहीं था और इसी वजह से बाबा रामदेव को कैबिनेट दर्जे के लिए नोटिफिकेशन सोमवार को जारी नहीं हो सकी थी।