नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) ने सोमवार को केंद्र सरकार पर 'लोकतंत्र में आम आदमी का गला घोंटने' का आरोप लगाया। आप सांसद भगवंत मान के विवादित वीडियो की जांच को लेकर लोकसभा अध्यक्ष द्वारा नौ सदस्यीय समिति के गठन के बाद पार्टी के नेता संजय सिंह ने यह टिप्पणी की।
उन्होंने कहा, "मोदी सरकार द्वारा संसद से मान का तीन अगस्त तक के लिए निलंबन लोकतंत्र में आम आदमी का गला घोंटने जैसा है।"
संजय सिंह ने ट्वीट कर पूछा, "प्रधानमंत्री द्वारा आईएसआई (पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी) को पठानकोट हमले की जांच करने की मंजूरी क्या देशभक्ति थी?"
मान ने पिछले सप्ताह संसद के अंदर का एक वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया था, जिसके बाद संसद में भारी बवाल हुआ था।
राजनीतिक पार्टियों ने इसे संसद की सुरक्षा का उल्लंघन करार दिया और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मान ने बाद में लोकसभा अध्यक्ष से माफी मांगी और वीडियो को फेसबुक से हटा दिया।
लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने मान के इस कृत्य की जांच के लिए सोमवार को नौ सदस्यीय एक समिति का गठन किया।