1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. PM मोदी के काम के चलते ज्यादा मजबूत हुई है भारतीय जनता पार्टी: अमित शाह

PM मोदी के काम के चलते ज्यादा मजबूत हुई है भारतीय जनता पार्टी: अमित शाह

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 18, 2018 07:23 pm IST,  Updated : Feb 18, 2018 11:16 pm IST

इस मौके पर शाह ने कहा कि 1.70 लाख वर्ग फुट क्षेत्र के साथ पार्टी का नया मुख्यालय दुनिया में किसी भी राजनीतिक दल के कार्यालय से बड़ा है...

Amit Shah and Narendra Modi | PTI Photo- India TV Hindi
Amit Shah and Narendra Modi | PTI Photo

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) अध्यक्ष अमित शाह ने रविवार को कहा कि 2014 के लोकसभा चुनावों में जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस तरह से काम किया है और उससे लोगों को जो फायदा हुआ है, उससे पार्टी ज्यादा मजबूत हुई है। शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से पार्टी को और मजबूत बनाने की अपील की। BJP के नए मुख्यालय के उद्घाटन के अवसर पर एकत्र हुए कार्यकर्ताओं को अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि अगले एक साल में 695 जिलों में से 635 में पार्टी कार्यालय होंगे। पार्टी का नया मुख्यालय राष्ट्रीय राजधानी में दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर है।

शाह ने कहा, ‘लोगों ने 2014 में पूर्ण बहुमत की सरकार का चुनाव कर मोदी जी में अपना भरोसा जताया। उसके बाद से मोदी जी ने जिस तरह से देश चलाया है और जिस तरह से सरकार लोगों तक पहुंची है, उससे पार्टी बहुत मजबूत हुई है।’ इस मौके पर मोदी व विभिन्न केंद्रीय मंत्री और BJP के पूर्व अध्यक्षों सहित दिग्गज नेता लालकृष्ण आडवाणी व मुरली मनोहर जोशी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि सरकार का संदेश लोगों तक पहुंचाने के लिए पार्टी संगठन ने कड़ी मेहनत की है। शाह ने कहा, ‘मोदीजी की जो लोकप्रियता है..मोदी जी के लिए लोगों के मन में जो भाव है.उसे अस्तित्व देने का काम पार्टी के कार्यकर्ताओं ने किया है, इसी के कारण आज 19 राज्य में हमारे मुख्यमंत्री हैं।’

उन्होंने कहा, ‘हमें आगे देखने की जरूरत है। मोदी जी ने नए भारत का आह्वान किया है। राजनीतिक पार्टियां चुनाव जीतने व सरकार बनाने के लिए मैदान में हो सकती है, लेकिन BJP महज चुनाव जीतने तक सीमित नहीं है। प्रधानमंत्री ने हमारे सामने नए भारत का लक्ष्य निर्धारित किया है। मेरा मानना है कि सभा पार्टी कार्यकर्ता इस दिशा में काम करेंगे।’ BJP प्रमुख ने कहा कि साल भर में सभी जिला मुख्यालयों का निर्माण किया जाएगा और इन्हें केंद्रीय कार्यालय से जोड़ा जाएगा।

‘दुनिया का सबसे बड़ा पार्टी कार्यालय’

इस मौके पर शाह ने कहा कि 1.70 लाख वर्ग फुट क्षेत्र के साथ पार्टी का नया मुख्यालय दुनिया में किसी भी राजनीतिक दल के कार्यालय से बड़ा है। उन्होंने कहा कि BJP का एक साल में देश के तकरीबन हर जिले में अपना कार्यालय होगा क्योंकि 2015 में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में देश में 694 जिलों में 635 में अपना एक कार्यालय बनाने का फैसला किया गया था। PM मोदी ने 18 महीने में इमारत के निर्माण लिए शाह और उनकी टीम की तारीफ की। पार्टी का यह नया मुख्यालय नवीन संचार तकनीक और विस्तृत सोशल मीडिया कार्यालय से लैस है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत