1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. बीजेपी राम मंदिर निर्माण के लिए कटिबद्ध, बुआ-बबुआ और राहुल अपना रुख बताएं: अमित शाह

बीजेपी राम मंदिर निर्माण के लिए कटिबद्ध, बुआ-बबुआ और राहुल अपना रुख बताएं: अमित शाह

 Reported By: Bhasha
 Published : Feb 08, 2019 04:15 pm IST,  Updated : Feb 08, 2019 04:15 pm IST

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा रामजन्म भूमि पर जल्द से जल्द श्रीराम मंदिर बनाने के लिए कटिबद्ध है।

BJP President Amit Shah- India TV Hindi
BJP President Amit Shah File Photo Image Source : PTI

महाराजगंज (उत्तर प्रदेश): भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा रामजन्म भूमि पर जल्द से जल्द श्रीराम मंदिर बनाने के लिए कटिबद्ध है। शाह ने सपा—बसपा और कांग्रेस पर भी निशाना साधा और कहा, ''बुआ (बसपा सुप्रीमो मायावती), भतीजा (सपा प्रमुख अखिलेश यादव) और राहुल बाबा (कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी) राम जन्मभूमि पर अपना रुख जनता के सामने रखें।’’ भाजपा अध्यक्ष यहां गोरखपुर क्षेत्र के बूथ अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। 

घुसपैठियों के मसले पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार कश्मीर से कन्याकुमारी तक, असम से गुजरात तक और उत्तर प्रदेश से उत्तराखंड तक एक-एक घुसपैठिये को चुन-चुन कर निकालने का काम करेगी। शाह ने कहा कि देश के अंदर घुसपैठियों को हटाने का काम मोदी सरकार ने शुरू किया तो कांग्रेस, सपा और बसपा विरोध में आ गए। उन्होंने कहा कि ये घुसपैठिए बुआ-भतीजे के लिए वोटबैंक हो सकते हैं लेकिन हमारे लिए देश की सुरक्षा ही सबसे बड़ी है। 

अमित शाह ने विरोधी दलों के गठबंधन पर कहा कि गठबंधन से जरा भी चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है। उत्तर प्रदेश का परिणाम दीवार पर लिखा दिखता है कि इस बार 2019 के लोकसभा चुनाव में 73 की 74 सीटें होंगी। उत्तर प्रदेश की जनता गठबंधन को साफ कर देगी। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी वंशवाद के आधार पर नहीं, लोकतंत्र के आधार पर चलती है। भाजपा ही ऐसी पार्टी है जिसके चुनाव जीतने का आधार नेता नहीं बल्कि बूथ अध्यक्ष और कार्यकर्ता होता है। 

अमित शाह ने कहा कि वर्षों से देश के पिछडे, अति पिछडे और ओबीसी (अन्य पिछडा वर्ग) लगातार संवैधानिक मान्यता के लिए संघर्ष करते रहे लेकिन कांग्रेस, सपा और बसपा राजनीति करते रहे। भाजपा ने इन पिछड़ा व अति पिछड़ा समाज के बोर्ड को संवैधानिक मान्यता देने का काम किया। उन्होंने कहा कि सपा-बसपा की सरकारों में निजाम राज था। ''नसीमुददीन भाई थे, इमरान भाई थे, अफजल भाई थे, आजम खान थे और मुख्तार थे। भाजपा ने इन निजामों को उखाडने का काम किया है।'' 

अमित शाह ने कहा कि जब सपा-बसपा की सरकारें थीं तो यहां निजाम चलता था, जिन्होंने मिलकर यहां आतंकवाद का कॉरिडोर बनाया था। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन योगी की सरकार आते ही हमने इनके इस कॉरिडोर को उखाड़ फेंकने का काम किया है।'' उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार बनने के बाद माफिया यहां से पलायन कर गए हैं। शाह ने कहा कि पूर्वांचल मच्छर और माफियाओं से बहुत परेशान होता था। भाजपा की योगी सरकार आयी तो माफिया ना जाने कहां पलायन कर गये और स्वच्छता अभियान से दिमाग का बुखार (मस्तिष्क ज्वर) भी नीचे जा रहा है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत