1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. पश्चिम बंगाल में राजनीतिक जमीन खो रही है तृणमूल कांग्रेस, 2019 में 22 लोकसभा सीटें जीतेगी भाजपा: अमित शाह

पश्चिम बंगाल में राजनीतिक जमीन खो रही है तृणमूल कांग्रेस, 2019 में 22 लोकसभा सीटें जीतेगी भाजपा: अमित शाह

 Reported By: Bhasha
 Published : Jun 28, 2018 06:55 pm IST,  Updated : Jun 28, 2018 07:01 pm IST

दो दिवसीय पश्चिम बंगाल के दौरे पर आए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने राज्य में 'हिंसा भड़काने' के लिए आज ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि......

Google Picture- India TV Hindi
Google Picture

पुरुलिया (पश्चिम बंगाल): दो दिवसीय पश्चिम बंगाल के दौरे पर आए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने राज्य में 'हिंसा भड़काने' के लिए आज ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं का बलिदान बेकार नहीं जाएगा और पार्टी 2019 में राज्य की 42 में से 22 लोकसभा सीटें जीतेगी। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अगर बंगाल की जनता 'बांग्लादेश से घुसपैठियों का आना रोकना चाहती है तो उसे तृणमूल कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकना होगा।

शाह ने राज्य में हिंसा भड़काने के लिए राज्य सरकार पर निशाना साधा और कहा कि जो लोग रवींद्र संगीत सुना करते थे, वे अब बमों की आवाज सुनते हैं। शाह ने कहा, 'हिंसा कभी बंगाल की संस्कृति नहीं रही। यह गुरुदेव रवींद्र नाथ टैगोर, बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय जैसी महान हस्तियों का राज्य है। और आप सब देख सकते हैं कि ममता ने इस राज्य के साथ क्या किया है।' 

राजनीतिक हिंसा में मारे गए भाजपा कार्यकर्ताओं के परिवारों से मुलाकात की

शाह ने कथित रूप से राजनीतिक हिंसा में मारे गए भाजपा कार्यकर्ताओं के परिवारों से मुलाकात की और कहा कि उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। शाह ने कहा, 'हाल ही में हमारी पार्टी के 20 से अधिक कार्यकर्ता राज्य में मारे गए। यह बलिदान बेकार नहीं जाएगा। मैं ममता बनर्जी को चुनौती देता हूं कि हम आगामी दिनों में आपको सत्ता से बाहर कर देंगे।' उन्होंने कहा कि अगले आम चुनाव राज्य में बदलाव की आधारशिला रख देंगे और पार्टी 22 लोकसभा सीटें जीतेगी। भाजपा ने 2014 में दो सीटें जीती थीं। 

तृणमूल कांग्रेस राज्य में खो रही है राजनीतिक जमीन

मोदी सरकार के खिलाफ महागठबंधन बनाने के ममता के प्रयासों का मजाक बनाते हुए शाह ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस राज्य में राजनीतिक जमीन खो रही है। उन्होंने कहा, 'हमें विपक्षी दलों का गठबंधन करने के उनके कदम पर कोई आपत्ति नहीं लेकिन ऐसा करने से पहले उन्हें इस बात की चिंता होनी चाहिए कि बंगाल में राजनीतिक जमीन उनके हाथों से निकल रही है।

पंचायत चुनावों में हुई थी 20 भाजपा कार्यकर्ताओं की मौत

शाह ने कहा, 'तृणमूल कांग्रेस ने पिछले पंचायत चुनावों में आतंक मचाया था लेकिन इतनी हिंसा के बावजूद वह भाजपा को कई सीटें जीतने से नहीं रोक सकी।' उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों में 20 भाजपा कार्यकर्ताओं की मौत हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि केन्द्र सरकार की वित्तीय मदद के बावजूद राज्य में विकास नहीं हो रहा है और केवल 'बम बनाने का व्यापार और तृणमूल कांग्रेस के अपने काम-धंधे फल-फूल रहे हैं।' शाह ने मंच पर दिवंगत कार्यकर्ताओं के परिवारों को सम्मानित किया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत