नयी दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) की दिल्ली इकाई के संयोजक गोपाल राय ने कहा कि भले ही कांग्रेस लोकसभा चुनाव में भाजपा को शिकस्त न दे पाए, लेकिन आप के वोट काट कर भगवा पार्टी के लिए जीत की राह बना देगी। आप ने पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद पार्टी पर हमले तेज कर दिए हैं।
Related Stories
आप और कांग्रेस के दरमियान गठबंधन की अटकलों के बीच राय ने कहा कि पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) इस पर निर्णय करेगी, लेकिन इसका इंतजार करने का वक्त नहीं है और हमने दिल्ली की सभी सात सीटों के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं।
चांदनी चौक लोकसभा सीट से आप स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए राय ने कहा कि कांग्रेस को पिछले कुछ सालों में चुनावों में हार का सामना करना पड़ा है। राय ने कहा, ‘‘वह पिछले विधानसभा और लोकसभा चुनाव में एक भी सीट जीतने में नाकाम रही है। वह भाजपा को दिल्ली में नहीं हरा सकती है, लेकिन आगामी चुनाव में आप के वोट काटकर भाजपा की जीत सुनिश्चित करेगी।’’