1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. राहुल गांधी का जैसा हाल अमेठी मे हुआ था वैसा ही हाल कांग्रेस का अरुणाचल प्रदेश में हुआ: स्मृति ईरानी

राहुल गांधी का जैसा हाल अमेठी मे हुआ था वैसा ही हाल कांग्रेस का अरुणाचल प्रदेश में हुआ: स्मृति ईरानी

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 28, 2020 01:33 pm IST,  Updated : Dec 28, 2020 02:46 pm IST

भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर बड़ा बयान दिया है।

राहुल का गांधी का जैसा...- India TV Hindi
राहुल का गांधी का जैसा हाल अमेठी मे हुआ था वैसा ही हाल कांग्रेस का अरुणाचल प्रदेश में हुआ: स्मृति ईरानी Image Source : FILE PHOTO

नई दिल्ली। भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर बड़ा बयान दिया है। स्मृति ईरानी ने कहा है हाल में संपन्न हुए अरुणाचल प्रदेश के पंचायत चुनावों में कांग्रेस पार्टी का वैसा ही हाल हुआ है जैसा हाल उनके निवर्तमान अध्यक्ष (राहुल गांधी) का अमेठी में हुआ था। गौरतलब है कि 2019 के लोकसभा चुनावों में स्मृति ईरानी ने ही अमेठी लोकसभा सीट से राहुल गांधी को हराया था। स्मृति ईरानी ने हाल में अलग-अलग राज्यों में संपन्न हुए पंचायत और स्थानीय निकाय चुनावों में कांग्रेस पार्टी की हार और भारतीय जनता पार्टी की जीत का जिक्र करते हुए जीत का श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं को दिया।

भाजपा नेता ने कहा, 'प्रशंसनीय हैं भाजपा के वो कार्यकर्ता जिन्होंने बोडोलैंड टेरिटोरियल कॉउंसिल 2020 के चुनाव में जनता के आशीर्वाद से यूपीपीएल और जीएसपी के साथ गठबंधन करके जीत दर्ज कराई। डीडीसी का चुनाव जम्मू कश्मीर की धरती पर एक अनोखा इतिहास रच गया। इस चुनाव में भाजपा ने 75 सीटों पर अपनी जीत दर्ज कराकर, जनता के बीच श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति विश्वास को और मजबूत किया।'

केंद्रीय मंत्री ने कहा, 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विकास के संकल्प के साथ भाजपा के देशभर के कार्यकर्ताओं ने माननीय नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में 27 सितंबर, 2020 से लेकर कल तक एक प्रदेश का विधानसभा चुनाव, 11 प्रदेशों में उपचुनाव, 8 स्थानीय निकाय के चुनाव में भाजपा के लिए अभूतपूर्व जीत दर्ज कराई है। अरुणाचल प्रदेश में 22 दिसंबर को वोटिंग के बाद अब तक 242 जिला पंचायत की सीटों में से भाजपा ने 187 में जीत दर्ज कराई है। साथ ही 6,450 ग्राम पंचायत के हमारे सदस्य अरुणाचल में चुनकर आए हैं।'

उन्होंने कहा, 'भाजपा ने पासीघाट म्यूनिसिपल काउंसिल में भी अपनी जीत दर्ज करा ली है। इसकी तुलना में कांग्रेस पासीघाट में 2 तक सिमट कर रह गई है। ग्राम पंचायत में भी कांग्रेस का वही हाल हो जो उनके निवर्तमान अध्यक्ष का अमेठी में हुआ। गोवा में जिला पंचायत के चुनाव ने अनोखा इतिहास रचा। उसमें 48 सीटों में से भाजपा 33 सीटों पर जीती। आज दिल्ली में वो राजनीतिक दल जो चक्का जाम करके बैठे हैं, वो मात्र एक सीट पर सिमट कर रह गए।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत