1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. सर्जिकल स्ट्राइक के मुद्दे पर वोट मांगने की कोशिश कर रहे हैं मोदी, माफी मांगें: कांग्रेस

सर्जिकल स्ट्राइक के मुद्दे पर वोट मांगने की कोशिश कर रहे हैं मोदी, माफी मांगें: कांग्रेस

 Written By: Bhasha
 Published : Oct 11, 2016 07:17 am IST,  Updated : Oct 11, 2016 07:17 am IST

कांग्रेस ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक पर वोट पाने की कवायद के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को देश से माफी मांगनी चाहिए।

congress says narendra modi doing vote politics over...- India TV Hindi
congress says narendra modi doing vote politics over surgical strike

नई दिल्ली: कांग्रेस ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक पर वोट पाने की कवायद के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को देश से माफी मांगनी चाहिए। पार्टी ने जवानों की विकलांगता पेंशन को कम करने के फैसले पर भी सवाल उठाया।

कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने सरकार पर किसानों और जवानों दोनों के साथ न्याय नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जवानों की विकलांगता पेंशन जबर्दस्त तरीके से कम करने के तुगलकी आदेश को वापस लिया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार वन रैंक-वन पेंशन के मुद्दे पर भी प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है।

सुरजेवाला ने संवाददाताओं से कहा, सशस्त्र बलों की कुर्बानी और बहादुरी पर राजनीति करना सबसे बुरा अपराध है। उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक के मुद्दे को उत्तर प्रदेश, पंजाब और कुछ अन्य राज्यों में चुनावों से पहले वोट पाने की कवायद नहीं बनाया जाना चाहिए।

सुरजेवाला ने कहा, पिछला रिकॉर्ड भी बहुत अच्छा नहीं है, लेकिन मुझे उम्मीद है कि प्रधानमंत्री इस मौके का इस्तेमाल राजनीति के लिए नहीं करेंगे। उन्हें मर्यादा पुरषोत्तम भगवान राम को लेकर आत्मावलोकन करना चाहिए।

सुरजेवाला ने एक अन्य प्रश्न के उत्तर में लक्षित हमलों के मुद्दे पर पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी के खून की दलाली वाले बयान का समर्थन करने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की प्रशंसा की लेकिन राज्य विधानसभा चुनावों में सपा के साथ किसी तरह के गठबंधन की संभावना को खारिज कर दिया।

प्रधानमंत्री मोदी आज लखनऊ में दशहरा समारोह में भाग लेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत