नई दिल्ली: मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान कुछ जगहों पर पुलिस एवं किसानों के बीच झड़प होने के बाद मंगलवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। सीपीएम के महासचिव सीताराम येचुरी ने इस बारे में ट्वीट करते हुए कहा कि किसानों पर आंसू गैस के गोले छोड़ना और लाठीचार्ज करना ‘अस्वीकार्य’ है। येचुरी ने ट्वीट किया, ‘किसानों पर आंसू गैस के गोले छोड़ना और लाठीचार्ज करना अस्वीकार्य है। दिल्ली पुलिस और संयुक्त किसान मोर्चा के बीच सहमति के बाद यह क्यों हुआ? सरकार टकराव को क्यों हवा दे रही है? सरकार को शांतिपूर्ण ट्रैक्टर परेड की अनुमति देनी चाहिए।’
Related Stories
कई जगहों पर किसानों के साथ पुलिस की झड़प
गौरतलब है कि किसान समूहों की ट्रैक्टर परेड के दौरान कई स्थानों पर पुलिस के साथ झड़प हुई। इसके बाद पुलिस ने किसान समूहों पर आंसू गैस के गोले छोड़े तथा लाठीचार्ज किया। दिल्ली की सीमा पर कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों ने अवरोधक तोड़ दिए। पुलिस का कहना है कि राष्ट्रीय राजधानी में ट्रैक्टर परेड के लिए जो मार्ग पूर्व में निर्धारित किया गया था प्रदर्शनकारी उस रास्ते पर नहीं गए और अपना रूट बदल दिया। इसके चलते कई जगहों पर किसानों और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति उत्पन्न हुई।
दिल्ली-नोएडा सीमा पर स्टंट के दौरान ट्रैक्टर पलटा
इस बीच दिल्ली-नोएडा सीमा पर मंगलवार की सुबह स्टंट करने के दौरान किसानों का एक ट्रैक्टर पलट गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस ट्रैक्टर पर 2 किसान सवार थे। कृषि कानूनों के विरोध में हजारों प्रदर्शनकारी दिल्ली-नोएडा सीमा पर भी एकत्रित हुए थे। चिल्ला बॉर्डर के पास सुबह एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर को गोल घुमाते हुए चालक उस पर से अपना निंयत्रण खो बैठा और वाहन पलट गया। ट्रैक्टर पर सवार 2 व्यक्तियों को हल्की चोट लगी। भारतीय किसान यूनियन और तिरंगा झंडा लगे ट्रैक्टर के पलटते ही कई प्रदर्शनकारियों ने उसे उठाकर खड़ा कर दिया।