1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. दिग्गी राजा का नाम BPL सूची में शामिल

दिग्गी राजा का नाम BPL सूची में शामिल

 Written By: IANS
 Published : Jul 23, 2016 06:10 pm IST,  Updated : Jul 23, 2016 06:10 pm IST

कांग्रेस महासचिव और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और उनके परिवार का नाम गरीबी रेखा से नीचे (BPL) के परिवारों की सूची में है।

Digvijay Singh- India TV Hindi
Digvijay Singh

भोपाल: कांग्रेस महासचिव और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और उनके परिवार का नाम गरीबी रेखा से नीचे (BPL) के परिवारों की सूची में है। यह खुलासा केंद्र सरकार द्वारा उज्ज्वला योजना के तहत गरीबों को गैस सिलेंडर दिए जाने के लिए भेजी गई सर्वेक्षण सूची से हुआ है। यह सूची संबंधित गैस वितरक को भेजी गई है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय ने हालांकि इसे साजिश करार दिया है।

दिग्विजय का परिवार गुना जिले के राघौगढ़ का निवासी है। यहां के गैस संचालक को गरीबी रेखा से नीचे के परिवारों की जो सूची भेजी गई है, उसमें दिग्विजय और उनके परिवार के सदस्यों के नाम हैं। इसमें उनके बेटे विधायक जयवर्धन सिंह का नाम भी शामिल है।

दिग्विजय सिंह ने शनिवार को ट्वीट और एक बयान जारी किया है, जिसमें उन्होंने गरीबों को गैस कनेक्शन देने के लिए भारत सरकार की उज्ज्वला योजना में अपना और अपने परिवार का नाम शामिल किए जाने पर आपत्ति की है।

सिंह ने इसे एक साजिश बताते हुए कहा कि सरकार उन्हें कभी झूठे मुकदमे में फंसा रही है तो कभी अलग-अलग तरीके से बदनाम करने की कोशिश कर रही है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की सूची में नाम उनका नाम जोड़ना भी इसी साजिश का हिस्सा है।

उन्होंने आगे कहा कि वह और उनके परिवार के सदस्य आयकरदाता हैं। उन्होंने न तो कभी बीपीएल सूची में नाम जोड़ने के लिए कोई अर्जी दी है और न ही बीपीएल परिवारों के लिए चल रही योजनाओं का कभी कोई लाभ लिया है।

दिग्विजय ने कहा, "मेरे खिलाफ इस तरह की साजिश के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को मुझसे माफी मांगना चाहिए।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत