नई दिल्ली: पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने इंडिया टीवी को दिए एक इंटरव्यू में भविष्य की रणनीति को इशारों-इशारों में जाहिर किया। कैप्टन ने कहा, ‘जीतने के बाद मैं कुछ भी छोड़ने को तैयार हूं, हार कर नहीं छोड़ूंगा, मैं जीतकर फिर छोड़ूंगा।’ कांग्रेस के सियासी दिग्गज के इस बयान से साफ लगता है कि 2022 के पंजाब विधानसभा चुनावों में वह सिद्धू की राह में बड़ा रोड़ा बन सकते हैं। वहीं, इंडिया टीवी संवाददाता विजयलक्ष्मी ने जब कैप्टन अमरिंदर सिंह से पूछा कि क्या आप भारतीय जनता पार्टी में शामिल होंगे तो इसके जवाब में उन्होंने कहा, ‘मैं आपको कुछ नहीं बताऊंगा। मैं पहले अपने सहयोगियों से बात करूंगा, उसके बाद इसपर फैसला लूंगा।’
Related Stories
कैप्टन ने इंडिया टीवी को बताया कि देश और पंजाब की जनता की सोच उनके बारे में उनकी पार्टी की सोच से अलग है, लोग उन्हें रोजाना देशभर से समर्थन के संदेश भेजते हैं। उन्होंने कहा कि दुख बात कि उनकी पार्टी की सोच कुछ और थी। इंडिया टीवी को दिए इंटरव्यू में कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू पर जमकर निशाना साधा और कहा कि सिद्धू को कपिल शर्मा शो से इसलिए निकाला गया था कि उन्होंने पाकिस्तान के जनरल को गले लगाया था। कैप्टन ने कहा, ‘सिद्धू को कपिल शर्मा शो से क्यों निकाला गया, क्योंकि जब पाकिस्तान बॉर्डर पर हमारे जवान मर रहे थे तो तुमने जनरल बाजवा को क्यों झप्पी डाली, इमरान खान के शपथग्रहण में क्यों गया।’
इंडिया टीवी को दिए इंटरव्यू में कैप्टन अमरिंदर सिंह ने साफ कर दिया कि अगर 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में सिद्धू कांग्रेस पार्टी का चेहरा बनते हैं तो वे उसे जीतने नहीं देंगे और ऐसा करने पर अगर उनकी पार्टी उनके खिलाफ जाती है तो जाए। उन्होंने कहा ‘सिद्धू बड़ा एग्रेसिव आदमी है और यह समझता है कि मेरे बगैर पंजाब नहीं चलेगा, ये जानता नहीं कि चलने के बजाय यह पंजाब को खत्म करके जाएगा।’