1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. हम वोट की नहीं, अच्छे भविष्य की राजनीति करते हैं: विजय रूपाणी

हम वोट की नहीं, अच्छे भविष्य की राजनीति करते हैं: विजय रूपाणी

 Reported By: Bhasha
 Published : May 31, 2018 04:31 pm IST,  Updated : May 31, 2018 04:31 pm IST

रूपाणी ने कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि उनकी पार्टी (भाजपा) वोट बैंक की राजनीति नहीं करती बल्कि जनता के अच्छे भविष्य की राजनीति करती है...

gujarat cm vijay rupani- India TV Hindi
gujarat cm vijay rupani

अहमदाबाद: गुजरात में जल संरक्षण के लिए एक महीने पहले शुरू किए गए "सुजलाम सुफलाम अभियान" का समापन करते हुए राज्य के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने आज कहा कि जलाशयों को गहरा बनाने और साफ़ करने का जो काम शुरू किया गया है उससे गुजरात की जनता को निकट भविष्य में बड़ा लाभ मिलेगा। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधा और कहा कि उनकी पार्टी (भाजपा) वोट बैंक की राजनीति नहीं करती बल्कि जनता के अच्छे भविष्य की राजनीति करती है।

अहमदाबाद जिले के धंधुका में आयोजित सुजलाम सुफलाम अभियान के समापन समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘कांग्रेस जादूगर है। राष्ट्रमंडल खेल में जनता का पैसा गबन कर गई और हम पर आरोप लगा रही है कि हमने भ्रष्टाचार किया।" उन्होंने कहा, "हम वोट बैंक की राजनीति नहीं करते हैं, हम भविष्य की राजनीति करते हैं।’’ रूपाणी ने कहा कि गुजरात के जलाशयों का गहरा बनाने और साफ़ करने का जो काम शुरू किया गया है उससे गुजरात की जनता को निकट भविष्य में बड़ा लाभ मिलने वाला है।

गौरतलब है कि राज्य में जल संचय को बढ़ाने के लिए इस अभियान की शुरुआत एक मई को की गई थी। समापन समारोह में मुख्यमंत्री ने ‘नर्मदा देवी’ की पूजा भी की। मंच पर उनके साथ गुजरात भाजपा के प्रभारी व सांसद भूपेंद्र यादव सहित कई संत और महंत मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने नर्मदा देवी का जलाभिषेक करने के बाद कहा कि "धरती अपनी माता है और हमारा धर्म बनता है कि हम इसकी प्यास बुझायें। धरती माता तृप्त होंगी तभी खेत समृद्ध होंगे और राज्य समृद्ध होगा।"

भाजपा की प्रदेश ईकाई के प्रभारी भूपेंद्र यादव ने इस मौके पर कहा कि इस अभियान के पहले चरण का कार्य पूरा हो गया और दूसरे चरण का काम मानसून में पूरा होगा। प्रकृति के साथ चलने का जो काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुरू किया था उसे मुख्यमंत्री ने आगे बढ़ाया है। इस 'सुजलाम सुफलाम जल संचय' अभियान में नहरों और तालाबों को साफ़ करने के साथ-साथ उन्हें और गहरा बनाने का काम शुरू किया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत