नई दिल्ली: मोदी सरकार के दो साल पूरे होने पर भाजपा जश्न मना रही है। यह जश्न शनिवार से शुरू होगा और अगले 15 दिन तक चलेगा। इससे पहले एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने केंद्र सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि हमने देश को निर्णायक सरकार देने का काम किया। हमने देश को भ्रष्टाचार मुक्त सरकार भी दी है।
शाह ने कहा कि 2 साल के दौरान विपक्षी भी हम पर किसी घोटाले का आरोप नहीं लगा सके। मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने जनता की समस्या को, चाहे वो दीर्घकालीन हो या तत्कालीन उस पर त्वरित कार्रवाई की है जिसका ताजा उदाहरण नीट पर अध्यादेश है।
शाह ने बताया कि विकास पर्व के दौरान सांसद और विधायक अपने अपने क्षेत्र में रात बिताएंगे। उन्होंने कहा कि गरीबी उन्मूलन के लिए कई योजनाएं लागू की गई हैं। शाह ने यह भी बताया कि 2 साल में 17 करोड़ रुपे कार्ड जारी किया गया। शाह ने कहा कि लैब को लैण्ड तक पहुंचाने का काम मोदी सरकार ने किया है। शाह ने कहा कि सरकार 18,500 गांवों में बिजली पहुंचाएगी।
इस दौरान यूपी चुनाव पर बात करते हुये उन्होंने कहा कि यूपी में भाजपा सरकार बनाएगी और पूर्ण बहुमत से बनाएगी। यूपी में भाजपा के वनवास के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह तो जनता तय करेगी कि यूपी का राम कौन होगा। हमारा सीधा मुकाबला सपा से है। वहीं बजरंग दल के शस्त्र ट्रेनिंग कैंप को लेकर उन्होंने कहा कि अगर वो गलत है तो राज्य सरकार कार्रवाई करे।