नई दिल्ली: पिछले कई दिनों से जारी कर्नाटक का सियासी नाटक अब अपने क्लाइमेक्स की तरफ बढ़ चुका है। 18 जुलाई को कर्नाटक विधानसभा में एच. डी. कुमारस्वामी के नेतृत्व वाली सरकार का शक्ति परीक्षण होना है, और उसके बाद स्थिति साफ हो जाएगी। आपको बता दें कि 18 जुलाई को 11 बजे सदन में विश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के बाद वोटिंग होगी। वहीं, बीजेपी के सीनियर नेता केएस ईश्वरप्पा के मुताबिक़ कुमारस्वामी सरकार को विश्वास मत हासिल करने की जगह इस्तीफा देना चाहिए क्योंकि उसके पास बहुमत नहीं बचा है। सुप्रीम कोर्ट से लेकर सरकार तक, कर्नाटक के सियासी नाटक को करीब से जानने के लिए और पल-पल के अपडेट्स के लिए हमारे साथ बने रहें:
- Hindi News
- भारत
- राजनीति
- कर्नाटक संकट LIVE: सुप्रीम कोर्ट में बागी विधायकों की याचिका पर सुनवाई
कर्नाटक संकट LIVE: सुप्रीम कोर्ट में बागी विधायकों की याचिका पर सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट से लेकर सरकार तक, कर्नाटक के सियासी नाटक को करीब से जानने के लिए और पल-पल के अपडेट्स के लिए हमारे साथ बने रहें:
Karnataka Political Crisis Live Updates
-
2:24 PM (IST) Jul 16, 2019
वहीं, कांग्रेस के अन्य 10 बागी विधायकों में प्रताप गौड़ा पाटिल, रमेश जारकिहोली, बी. बसवाराज, बीसी पाटिल, एसटी सोमशेखर, ए. शिवराम हब्बर, महेश कुमाथल्ली, के. गोपालैया, ए. एच. विश्वनाथ और नारायण गौड़ा शामिल हैं।
-
2:23 PM (IST) Jul 16, 2019
आपको एक बार फिर बता दें कि राज्य के 10 बागी विधायकों के बाद कांग्रेस के पांच अन्य विधायकों ने 13 जुलाई को शीर्ष अदालत में याचिका दायर कर आरोप लगाया था कि विधानसभा अध्यक्ष उनके त्यागपत्र स्वीकार नहीं कर रहे हैं। इन विधायकों में आनंद सिंह, के सुधाकर, एन नागराज, मुनिरत्न और रोशन बेग शामिल हैं।
-
2:22 PM (IST) Jul 16, 2019
सिंघवी ने पीठ से सवाल किया, ‘अध्यक्ष को यह निर्देश कैसे दिया जा सकता है कि मामले पर एक विशेष तरह से फैलसा लिया जाए? इस तरह का आदेश तो निचली अदालत में भी पारित नहीं किया जाता है।’
-
2:21 PM (IST) Jul 16, 2019
प्रधान न्यायाधीश रंजन गोगोई, न्यायमूर्ति दीपक गुप्ता और न्यायमूर्ति अनिरूद्ध बोस की पीठ के समक्ष अध्यक्ष की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि कोई यह नहीं कह सकता कि अध्यक्ष से गलती नहीं होती लेकिन उन्हें समय सीमा के भीतर मामले का फैसला लेने के लिये नहीं कहा जा सकता।
-
1:15 PM (IST) Jul 16, 2019
कर्नाटक संकट पर विधानसभा अध्यक्ष के वकील ने सुप्रीम कोर्ट में कहा: कृपया पुराने आदेश में संशोधन करें, मैं अयोग्यता और इस्तीफा दोनों पर कल तक फैसला कर लूंगा।
-
1:15 PM (IST) Jul 16, 2019
कर्नाटक विधानसभा अध्यक्ष की ओर से पेश वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने कोर्ट से कहा कि उनसे तय समय सीमा में विधायकों के इस्तीफे पर फैसला लेने को नहीं कहा जा सकता है।
-
12:37 PM (IST) Jul 16, 2019
कर्नाटक संकट पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा, विधायकों के शीर्ष अदालत पहुंचने तक विधानसभा अध्यक्ष ने कोई कार्रवाई नहीं की।
-
12:37 PM (IST) Jul 16, 2019
कांग्रेस-JDS के बागी विधायकों ने कहा, कर्नाटक विधानसभा के अध्यक्ष को दोपहर 2 बजे तक इस्तीफों पर फैसला लेने और अयोग्यता पर बाद में निर्णय लेने का निर्देश दिया जा सकता है।
-
12:37 PM (IST) Jul 16, 2019
कांग्रेस-JDS के बागी विधायकों ने कहा, विधानसभा अध्यक्ष ने हमें अयोग्य ठहराने के लिए इस्तीफे को लटकाए रखा, अयोग्य ठहराए जाने से बचने के लिए इस्तीफा देने में कुछ भी गलत नहीं है।
-
12:37 PM (IST) Jul 16, 2019
बागी विधायकों ने कहा, कांग्रेस-JDS की सरकार अल्पमत रह गई है, विधानसभा अध्यक्ष इस्तीफा स्वीकार नहीं कर हमें विश्वासमत के दौरान सरकार के पक्ष में वोट डालने के लिए बाध्य करने का प्रयास कर रहे हैं।
-
12:03 PM (IST) Jul 16, 2019
मुकुल रोहतगी ने सुप्रीम कोर्ट में कहा- 'स्पीकर इतने दिनों तक इस्तीफा रोककर नहीं रख सकते। नियम भी यही कहता है कि इस पर जल्द फैसला किया जाना चाहिए।'
-
11:44 AM (IST) Jul 16, 2019
मुकुल रोहतगी ने कर्नाटक संकट पर कहा: बागी विधायकों ने बीजेपी के साथ मिलकर षड्यंत्र रचा है इसे साबित करने के लिए कोई साक्ष्य नहीं है। अयोग्यता कार्यवाही कुछ नहीं है बल्कि विधायकों के इस्तीफा मामले पर टाल-मटोल करना है।
-
11:43 AM (IST) Jul 16, 2019
मुकुल रोहतगी ने सुप्रीम कोर्ट में कहा, 'यह विधायकों के इस्तीफे को टालने की कोशिश है। स्पीकर एक ही समय में इस्तीफे और अयोग्यता दोनों मुद्दों पर फैसला करने का प्रयास कर रहे हैं।'
-
11:42 AM (IST) Jul 16, 2019
बागी विधायकों के वकील रोहतगी ने कहा: विधानसभा में विश्वास मत होना है और बागी विधायकों को इस्तीफा देने के बावजूद पार्टी की व्हिप का मजबूरन पालन करना पड़ेगा।
-
11:42 AM (IST) Jul 16, 2019
बागी विधायकों के वकील मुकुल रोहतगी ने उच्चतम न्यायालय में कहा, विधानसभा अध्यक्ष को देखना होगा कि इस्तीफा स्वेच्छा से दिया गया है या नहीं। कर्नाटक विधानसभा के अध्यक्ष को विधायकों का इस्तीफा स्वीकार करना ही होगा, उससे निपटने का और कोई तरीका नहीं है।
-
11:20 AM (IST) Jul 16, 2019
बागी विधायकों के वकील मुकुल रोहतगी ने अदालत में कहा, 'अगर मैं विधायक नहीं रहना चाहता तो मुझ पर इसके लिए दबाव नहीं बनाया जा सकता। मेरा इस्तीफा स्वीकार किया जाना चाहिए।'
-
11:18 AM (IST) Jul 16, 2019
बागी विधायकों के वकील मुकुल रोहतगी ने कोर्ट से कहा, सभी दस याचिकाकर्ताओं (MLAs) ने 10 जुलाई को इस्तीफा दे दिया। स्पीकर अगर चाहें तो फैसला ले सकते हैं, क्योंकि इस्तीफे को स्वीकार करना और अयोग्य ठहराना दो अलग-अलग फैसले हैं। रोहतगी ने कहा कि उमेश जाधव ने भी इस्तीफा दिया था और उनका इस्तीफा स्वीकार भी किया गया था।
-
11:16 AM (IST) Jul 16, 2019
चीफ जस्टिस ने विधायकों का इस्तीफा मंजूर करने में देरी को लेकर कर्नाटक विधानसभा अध्यक्ष पर सवाल उठाए। कोर्ट ने पूछा- इस्तीफे को स्वीकार करने और अयोग्य ठहराने की तारीख क्या थी?
-
11:15 AM (IST) Jul 16, 2019
बागी विधायकों के वकील मुकुल रोहतगी ने सुप्रीम कोर्ट में कहा- विधायकों के इस्तीफा पर फैसला सबसे पहले होना चाहिए। इसके साथ ही रोहतगी ने कर्नाटक विधानसभा के अध्यक्ष रमेश कुमार की भूमिका पर सवाल उठाए।
-
11:14 AM (IST) Jul 16, 2019
कर्नाटक राजनीतिक संकटः बागी विधायकों के इस्तीफे को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई शुरू हुई। विधायक स्पीकर द्वारा उनके इस्तीफे को जल्दी मंजूर किए जाने की मांग कर रहे हैं।
-
10:43 AM (IST) Jul 16, 2019
आज कांग्रेस के 15 बागी विधायकों की याचिका पर आज सुप्रीम कोर्ट में एक साथ सुनवाई होगी। बागी विधायकों की मांग है कि कोर्ट उनके इस्तीफे स्वीकार करने के लिए विधानसभा स्पीकर को निर्देश दे।
-
10:42 AM (IST) Jul 16, 2019
भाजपा की कर्नाटक इकाई के प्रमुख बी एस येदियुरप्पा ने सोमवार को कहा कि उन्हें अगले 4-5 दिन में सरकार बनाने का पूरा भरोसा है। येदियुरप्पा का दावा ऐसे वक्त आया है जब विधानसभा अध्यक्ष के आर रमेश कुमार ने मुख्यमंत्री कुमारस्वामी द्वारा दिए गए विश्वास मत के प्रस्ताव पर 18 जुलाई को चर्चा का वक्त दिया है।
-
10:40 AM (IST) Jul 16, 2019
विधानसभा अध्यक्ष ने पिछले हफ्ते कांग्रेस विधायक रामलिंगा रेड्डी एवं जद (एस) के गोपालैया को उनके समक्ष उपस्थित होने का निर्देश दिया था। धानसभा सचिवालय के सूत्रों ने बताया कि रेड्डी और गोपालैया ने विधानसभा सचिव के कार्यालय में फोन किया था और बताया कि वह सोमवार को आने में सक्षम नहीं होंगे और पेश होने के लिए दूसरी तारीख की मांग की थी।
-
10:40 AM (IST) Jul 16, 2019
कर्नाटक में सत्तारूढ़ गठबंधन के दो बागी विधायक प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष के आर रमेश कुमार के समक्ष सोमवार को सदन से अपने इस्तीफे पर व्यक्तिगत सुनवाई के लिए उपस्थित होने में विफल रहे। इन विधायकों में कांग्रेस JDS के एक-एक सदस्य शामिल हैं।