1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. केजरीवाल और सिसोदिया ने राजनाथ से मुलाकात की

केजरीवाल और सिसोदिया ने राजनाथ से मुलाकात की

 Written By: PTI
 Published : Jun 15, 2015 05:42 pm IST,  Updated : Jun 15, 2015 05:46 pm IST

नयी दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने आज केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की और उपराज्यपाल नजीब जंग से केजरीवाल सरकार के टकराव समेत राज्य सरकार से जुड़े

केजरीवाल और सिसोदिया...- India TV Hindi
केजरीवाल और सिसोदिया ने राजनाथ से मुलाकात की

नयी दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने आज केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की और उपराज्यपाल नजीब जंग से केजरीवाल सरकार के टकराव समेत राज्य सरकार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

सूत्रों ने बताया कि केजरीवाल ने सिंह को नौकरशाहों के तबादले और पदस्थापन पर जंग के साथ जारी टकराव से राज्य सरकार को होने वाली दिक्कतों के बारे में बताया।

तकरीबन एक घंटे चली मुलाकात के दौरान केजरीवाल और सिसोदिया ने राज्य सरकार चलाने में केन्द्रीय गृह मंत्रालय का सहयोग मांगा और उन्हें बताया कि जंग से लगातार टकराव के चलते प्रशासन चलाना कठिन हो गया है। सूत्रों ने बताया कि केजरीवाल ने सिंह से कहा कि वह इस मामले में हस्तक्षेप करें और सुनिश्चित करें कि उप राज्यपाल से जुड़े सभी मुद्दे सौहाद्रपूर्ण ढंग से हल हो जाएं।

एक सूत्र ने बताया, केन्द्रीय गृह मंत्री ने उनकी बात ध्यान से सुनी और केन्द्र सरकार की तरफ से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री को सलाह दी गई कि वह टकराव का रास्ता नहीं अपनाएं और उन्हें बताया गया कि केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र सरकार अधिनियम के अनुरूप नियम तय किए हैं।

सिंह से मुलाकात के बाद सिसोदिया ने पत्रकारों को बताया कि उन्होंने दिल्ली से संबंधित सभी मुद्दे उठाए लेकिन उसका कोई नतीजा नहीं निकला।

जंग के साथ टकराव के बाद यह पहला मौका है जब केजरीवाल ने केन्द्रीय गृहमंत्री से मुलाकात की है।
उल्लेखनीय है कि केन्द्रीय गृहमंत्रालय की अधिसूचना में कहा गया है कि वरिष्ठ नौकरशाहों की नियुक्ति में उप राज्यपाल ही अंतिम फैसला करेंगे। आप सरकार ने इस अधिसूचना को अदालत में चुनौती दी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।