1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. दिल्ली को पूर्ण राज्य बनाने को AK ने तैयार किया मसौदा विधेयक, PM मोदी से मिलेंगे

दिल्ली को पूर्ण राज्य बनाने को AK ने तैयार किया मसौदा विधेयक, PM मोदी से मिलेंगे

 Written By: Bhasha
 Published : May 18, 2016 05:21 pm IST,  Updated : May 18, 2016 05:29 pm IST

केजरीवाल ने यह बात तब कही जब उनसे पूछा गया कि अगर केन्द्र की मोदी सरकार इस मसौदा को खारिज कर देती है तो आप की कार्ययोजना क्या होगी।

Arvind Kejriwal- India TV Hindi
Arvind Kejriwal

नई दिल्लीः केन्द्र के साथ विवाद का एक और मुद्दा उठाते हुए आप सरकार ने दिल्ली को पूर्ण राज्य के दर्जे पर आज एक मसौदा विधेयक जारी किया जिसमें पुलिस, जमीन तथा नौकरशाही को प्रदेश सरकार के तहत लाने का प्रावधान है। इसपर 30 जून तक आमजन के सुझाव मांगे गए हैं। मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने विरोधी भाजपा और कांग्रेस से मतभेदों से उपर उठने का आह्वान किया और भाजपा के पुराने चुनाव घोषणापत्रों को उद्धृत किया जिसमें पार्टी ने दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने का वादा किया था।

केजरीवाल ने कहा कि इस मुद्दे पर एक सर्वदलीय बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, भाजपा ने दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने के इस मुद्दे पर सबसे ज्यादा संघर्ष किया है। उन्होंने लगातार इसे उठाया है। इस मसौदा पर आमजन के विचार मांग कर हम उनके संकल्प को बस आगे बढ़ा रहे हैं।

केजरीवाल ने यह बात तब कही जब उनसे पूछा गया कि अगर केन्द्र की मोदी सरकार इस मसौदा को खारिज कर देती है तो आप की कार्ययोजना क्या होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह मसौदा विधेयक पर समर्थन जुटाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखेंगे और उनसे मुलाकात भी करेंगे।

केजरीवाल ने कहा कि 30 जून के बाद मसौदे को अंतिम रूप तैयार किया जाएगा और इस संबंध में दिल्ली विधानसभा में एक प्रस्ताव पारित किया जाएगा। उन्होंने कहा, हम प्रस्ताव केन्द्र को भेजेंगे जिसे संवैधानिक संशोधन लाना होगा। केजरीवाल ने कहा, मसौदा दिल्ली सरकार की वेबसाइट पर डाला जाएगा। इसे पारित करा कर हम कांग्रेस और भाजपा के सपनों को पूरा करना चाहेंगे।

इसे भी पढ़ेः 3 महीने में 'AAP' ने अखबार विज्ञापनों पर खर्च किए 15 करोड़ रुपए: RTI

हमें दलगत राजनीति से उपर उठना होगा। प्रस्ताव पारित कराने के लिए विधानसभा का एक विशेष सत्र भी बुलाया जा सकता है। संवाददाता सम्मेलन में केजरीवाल के साथ उप मुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया भी मौजूद थे। केजरीवाल ने अपने बिंदुओं पर जोर डालने के लिए 1993 से ले कर 2014 तक के भाजपा के चुनाव घोषणापत्रों से उद्धरण पेश किए। उन्होंने इस संबंध में केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री किरन रिजिजू समेत भाजपा नेताओं के बयान भी उद्धृत किए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत