पटना: बीजेपी के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी ने RJD प्रमुख लालू प्रसाद को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि उन्हें भी अपने नेतृत्व के खिलाफ बेटों के बगावत करने का डर जरूर लगना चाहिए, जैसा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने पिता मुलायम सिंह यादव के साथ किया है।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
उन्होंने अपने आधिकारिक आवास पर जनता दरबार से इतर संवाददाताओं से कहा, 'मुझे महसूस हो रहा है कि लालू को भी अपने बेटों, उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव और स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव, से जरूर डर लगना चाहिए। उन्हें अपने नेतृत्व के खिलाफ बेटों के बगावत कर देने का डर लगना चाहिए।'
सुशील मोदी ने कहा कि RJD प्रमुख ने सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव और उनके मुख्यमंत्री बेटे अखिलेश यादव के बीच सपा के नेतृत्व के विषय पर मध्यस्थता कर अपनी उंगलियां जला ली हैं। यह सब उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले हुआ है। उन्होंने कहा कि इसके बजाय लालू को सिरदर्द मिल गया है क्योंकि उनके मंत्री पुत्र भी उनके साथ ऐसा कर सकते हैं।
बीजेपी के वरिष्ठ नेता ने यह भी कहा कि अपने पिता के साये से बाहर निकलने की इच्छा होने पर लालू के बेटे उप्र के मुख्यमंत्री से प्रेरणा लेते हुए RJD का नेतृत्व हथिया सकते हैं। चारा घोटाला के मामले में दोषी ठहराये जाने के बाद लालू की छवि दागदार हुई थी।
उन्होंने लालू के बड़े बेटे तेज प्रताप के यहां हाल ही में बांसुरी बजाते तस्वीर खिंचवाये जाने का जिक्र करते हुए कहा कि राजद प्रमुख के बेटों को अवश्य ही पार्टी का नेतृत्व अपने हाथों में लेकर अपने पिता के साये से बाहर निकलना चाहिए, अन्यथा वे शेष जीवन बांसुरी बजाते रह जाएंगे।