नई दिल्ली: आज मॉनसून सत्र का आख़िरी दिन है और अगर GST बिल पारित नहीं होता है तो सरकार दोनों सदनों का एक विशेष लेकिन छोटा सत्र बुलाने पर विचार कर सकती है। इस संबंध में आज एक बैठक भी बुलाई गई है। हालांकि ललित मोदी और व्यापम के साथ ही GST बिल के खिलाफ कांग्रेस अपने रूख पर कायम है।
सोनिया गांधी आज इस मुद्दे पर एक बार फिर कांग्रेस सांसदों के साथ बैठक करने वाली हैं। जबकि यूथ कांग्रेस आज चाणक्य स्टाइल में सरकार के खिलाफ़ प्रदर्शन करने की तैयारी में है।
जमकर हुआ बवाल
20 दिन बाद कल लोकसभा में वो दिन आया जब ललित मोदी मामले पर चर्चा हुई। कांग्रेस ने वही सवाल उठाये जिनकी वो संसद के बाहर बात कर रही थी, लेकिन पहली बार इस मामले पर सुषमा स्वराज को बोलने का मौका मिला और उन्होंने जवाब तो दिये ही कांग्रेस को क्वात्रोची से लेकर एंडरसन और आदिल शहरयार तक की याद दिला दी।
सोनिया गांधी ने सांसदों को डिनर पार्टी दी
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने संसद का मानसून सत्र खत्म होने से एक दिन पहले बुधवार को अपनी पार्टी के सांसदों को डिनर पार्टी दी। पार्टी में सोनिया ने अपने सांसदों की हौसला अफ़ज़ाई करते हुए कहा, भ्रष्टाचार के खिलाफ़ हमारी जंग अभी और तेज़ होगी। आप सभी इसी तरह मज़बूती से संघर्ष जारी रखिये। इस संघर्ष में मैं और राहुल आपके साथ हैं। पार्टी के दौरान सांसदों ने राहुल के लोकसभा में दिये भाषण की तारीफ़ की। सोनिया ने संसद के अंदर और बाहर जमकर नारेबाज़ी करने वाले सांसदों के गले का हाल भी पूछा। विरोध प्रदर्शन और नारेबाज़ी की वजह से राहुल गांधी समेत कई सांसदों की आवाज़ ख़राब हो गई है।