1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. बेंगलुरु से भोपाल लौटे कांग्रेस विधायक बिसाहू लाल, सीएम कमलनाथ से की मुलाकात

बेंगलुरु से भोपाल लौटे कांग्रेस विधायक बिसाहू लाल, सीएम कमलनाथ से की मुलाकात

 Written By: IANS
 Published : Mar 08, 2020 10:28 pm IST,  Updated : Mar 08, 2020 10:28 pm IST

राज्य में 10 विधायकों के लापता होने के बाद से बीते छह दिनों से सियासी घमासान चल रहा है। अब तक सात विधायक लौट आए हैं और बिसाहू लाल सिंह रविवार की रात लौट आए।

Kamalnath- India TV Hindi
बेंगलुरु से भोपाल लौटे कांग्रेस विधायक बिसाहू लाल, सीएम कमलनाथ से की मुलाकात Image Source : INDIA TV

भोपाल. मध्य प्रदेश में जारी सियासी हलचल के बीच लापता हुए कांग्रेस के विधायक बिसाहू लाल सिंह रविवार को लौट आए। उन्होंने कहा है कि वे बेंगलुरु दर्शन करने गए थे, उनके साथ किसी ने न तो मारपीट की और न ही बंधक बनाया। बेंगलुरु से लौटे बिसाहू लाल सिंह ने रविवार की रात को भोपाल पहुंचकर मुख्यमंत्री कमलनाथ से मुलाकात की और अपनी बात कही। सिंह ने संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि वे बेंगलुरु दर्शन करने गए थे, परिवार ने दबाव में आकर थाने में लापता होने की रिपोर्ट लिखाई थी।

जब उनसे पूछा गया कि भाजपा के नेताओं ने उन्हें बंधक बनाया था और मारपीट की थी तो उनका कहना था कि ऐसा कुछ नहीं हुआ। विधायक बिसाहू लाल सिंह बेंगलुरु से मंत्री सुरेंद्र सिंह बघेल के साथ इंदौर होते हुए भोपाल पहुंचे। ज्ञात हो कि बिसाहू लाल के परिजनों ने उनके लापता होने की भोपाल के थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

राज्य में 10 विधायकों के लापता होने के बाद से बीते छह दिनों से सियासी घमासान चल रहा है। अब तक सात विधायक लौट आए हैं और बिसाहू लाल सिंह रविवार की रात लौट आए। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि राज्य सरकार के मंत्री सुरेंद्र सिंह बघेल के साथ हैं बिसाहू लाल सिंह। कांग्रेस विधायक बिसाहू लाल सिंह के लौटने के बाद दो विधायक रघुराज सिंह कंसाना और हरदीप सिंह डंग रह जाएंगे जिनका अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। उल्लेखनीय है कि डंग अपना इस्तीफा विधानसभाध्यक्ष और मुख्यमंत्री कमलनाथ को भेज चुके हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत